शिक्षा के मंदिर में खूब नाची बार बालायें-अब हुआ…….

NGV PRAKASH NEWS

सरकारी स्कूल परिसर में ब्रह्मभोज के दौरान बार गर्ल्स का डांस, वीडियो वायरल होने पर हेडमास्टर सस्पेंड

देवरिया, 21 जनवरी 2026.
उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के सदर विकास खंड अंतर्गत महुई गांव स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है। वायरल वीडियो में देर रात स्कूल परिसर के भीतर बार गर्ल्स को फिल्मी गानों पर डांस करते हुए देखा जा सकता है। बताया जा रहा है कि यह आयोजन गांव निवासी जितेंद्र यादव द्वारा अपनी मां के ब्रह्मभोज कार्यक्रम के दौरान कराया गया था।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ब्रह्मभोज के नाम पर स्कूल परिसर में टेंट लगाकर रंगारंग कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें रात भर बार बालाओं का डांस चलता रहा। सुबह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला बेसिक शिक्षा विभाग तक पहुंचा, जिसके बाद विभाग ने तत्काल जांच के निर्देश दिए।

मामले की जांच के लिए जब खंड शिक्षा अधिकारी गोपाल मिश्र विद्यालय पहुंचे, तो स्कूल परिसर में टेंट और कुर्सियां बिछी हुई मिलीं। निरीक्षण के दौरान एक महिला शिक्षिका बिना किसी सूचना के अनुपस्थित पाई गईं, जिनका वेतन तत्काल प्रभाव से रोक दिया गया। दूसरी महिला शिक्षिका मातृत्व अवकाश पर बताई गईं। जांच में यह भी सामने आया कि स्कूल गेट की चाबी प्रभारी प्रधानाध्यापक राम सिंगार यादव और उनके दो सहायक अध्यापकों के पास रहती है, लेकिन पूछताछ के दौरान यह स्पष्ट नहीं हो सका कि स्कूल का ताला किसने खोला और परिसर में यह आयोजन कैसे होने दिया गया।

वीडियो वायरल होने और प्रथम दृष्टया गंभीर अनुशासनहीनता सामने आने के बाद बेसिक शिक्षा अधिकारी ने सख्त कार्रवाई करते हुए प्रभारी प्रधानाध्यापक राम सिंगार यादव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। उन्हें सदर ब्लॉक संसाधन केंद्र से संबद्ध किया गया है। साथ ही विद्यालय में तैनात अन्य सहायक अध्यापकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।

शिक्षा विभाग का कहना है कि सरकारी विद्यालयों की गरिमा और शैक्षणिक माहौल से इस तरह का कृत्य गंभीर लापरवाही की श्रेणी में आता है। मामले की विस्तृत जांच जारी है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *