NGV PRAKASH NEWS

नशे में वरमाला के लिए पहुंचा दूल्हा, दुल्हन ने शादी से किया इनकार, बारात बंधक बनाए जाने से मचा हंगामा
सुपौल, 22 जनवरी 2026.
बिहार के सुपौल जिले में त्रिवेणीगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत मिरजावा पंचायत के वार्ड 15 ठाकुर टोला में बुधवार रात एक शादी समारोह उस समय विवाद में बदल गया, जब दूल्हा नशे की हालत में वरमाला के लिए स्टेज पर पहुंचा। दूल्हे की हालत और हरकतों को देखकर दुखी दुल्हन ने साहसिक फैसला लेते हुए शादी से साफ इनकार कर दिया। इसके बाद शादी समारोह में मौजूद लोगों के बीच तनाव की स्थिति पैदा हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कटिहार जिले के फलका थाना क्षेत्र निवासी विलास ठाकुर अपने बेटे राजेश कुमार की बारात लेकर त्रिवेणीगंज पहुंचे थे। प्रारंभिक रस्में पूरी होने के बाद जैसे ही दूल्हे को वरमाला के लिए स्टेज पर लाया गया, वह नशे के कारण लड़खड़ाता नजर आया और असामान्य हरकतें करने लगा। यह दृश्य देखकर दुल्हन नेहा कुमारी, उनके परिजन और मौजूद ग्रामीण स्तब्ध रह गए।
दूल्हे की नशे की हालत से नाराज दुल्हन ने अपने भविष्य को ध्यान में रखते हुए शादी करने से इनकार कर दिया। इसके बाद दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई। स्थिति बिगड़ती देख अधिकांश बाराती मौके से निकल गए, लेकिन दूल्हा, उसके पिता और कुछ अन्य रिश्तेदार वहीं रुक गए। ग्रामीणों ने शादी में दिए गए उपहार और नकद राशि लौटाने की मांग करते हुए दूल्हा पक्ष को बंधक बना लिया।
गुरुवार शाम दूल्हा पक्ष द्वारा शादी में दिए गए सभी उपहार और नकद राशि लौटाने के बाद ही ग्रामीणों ने दूल्हा और उसके पिता को मुक्त किया, जिसके बाद वे वापस अपने घर लौटे। ग्रामीणों का कहना है कि वरमाला के बाद जब दूल्हे को मंडप में लाया गया, तभी उसकी नशे की हालत पूरी तरह स्पष्ट हो गई थी।
इस घटना को लेकर क्षेत्र में चर्चा तेज है। स्थानीय लोगों का कहना है हैरानी की बात यह रही कि इतनी बड़ी घटना के बावजूद स्थानीय पुलिस को इसकी कोई सूचना नहीं दी गई। वहीं मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए त्रिवेणीगंज थाना प्रभारी राकेश कुमार ने बताया कि उन्हें इस घटना के बारे में कोई जानकारी नहीं है।
NGV PRAKASH NEWS
