NGV PRAKASH NEWS

शादी के दबाव में विधवा की चाकू से हत्या, दो मासूम बच्चों से छिना मां का साया
जयपुर, 22 जनवरी 2026.
राजस्थान की राजधानी जयपुर के शास्त्री नगर थाना इलाके में गुरुवार शाम एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां शादी का दबाव बना रहे रिश्तेदार ने 30 वर्षीय विधवा महिला की चाकू मारकर हत्या कर दी। इस वारदात में प्रेम कॉलोनी, नेहरू नगर, पानीपेच निवासी पूनम कटारिया की जान चली गई, जिससे उसके दो मासूम बच्चों के सिर से मां का साया उठ गया।
पुलिस के अनुसार पूनम कटारिया पिछले करीब 15 वर्षों से इसी इलाके में रह रही थी। एक वर्ष पहले पीलिया से पति लक्की कटारिया की मौत के बाद वह अपने दो बच्चों विराट (13) और हिमांशु (8) की परवरिश अकेले कर रही थी। परिवार का खर्च चलाने के लिए वह आसपास के तीन घरों में खाना बनाने का काम करती थी और तय समय पर रोजाना काम पर आती-जाती थी।
गुरुवार शाम भी काम समाप्त कर घर लौटते समय, घर से करीब 200 मीटर पहले पूनम का सामना मामा ससुर के बेटे अनिल से हुआ, जो रिश्ते में उसका देवर लगता है। आरोप है कि अनिल ने अचानक उसकी छाती पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल पूनम मौके पर ही गिर पड़ी, जबकि आरोपी वारदात के बाद फरार हो गया। आसपास के लोगों ने पूनम को तुरंत वाहन से कांवटिया अस्पताल पहुंचाया, जहां अधिक खून बह जाने के कारण डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कांवटिया अस्पताल के मुर्दाघर में रखवाया है।
मृतका की बहन ललिता और जेठानी सुमन ने बताया कि अनिल लंबे समय से पूनम पर शादी का दबाव बना रहा था। पूनम इस रिश्ते को स्वीकार नहीं कर रही थी और लगातार इनकार कर रही थी, जिससे वह उसे परेशान करता था। परिजनों का यह भी कहना है कि इससे पहले भी अनिल ने पूनम पर जानलेवा हमला किया था, लेकिन तब वह बच गई थी।
घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में आरोपी वारदात के बाद भागते हुए कैद हुआ है। एडिशनल डीसीपी (उत्तर) ने बताया कि आरोपी अनिल को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और मामले की गहन जांच जारी है।
घटना की सूचना पर सिविल लाइंस विधायक भी कांवटिया अस्पताल के मुर्दाघर पहुंचे और परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की। फिलहाल पूनम के दोनों बच्चों को उनकी मां की मौत की जानकारी नहीं दी गई है। घर में मां के लौटने की राह देख रहे बच्चों को क्या बताया जाए, इसे लेकर परिवार गहरे सदमे में है।
NGV PRAKASH NEWS
