NGV PRAKASH NEWS

मुंबई में चलती ट्रेन से उतरते समय प्रोफेसर की चाकू मारकर हत्या
मुंबई, 25 जनवरी 2026.
मुंबई की लोकल ट्रेन, जिसे आमतौर पर शहर की ‘लाइफलाइन’ कहा जाता है वहीं लाइफ लाइन शनिवार की शाम एक परिवार के लिए ‘डेथलाइन’ बन गई |
प्राप्त जानकारी के अनुसार मलाड रेलवे स्टेशन पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब चलती ट्रेन के दरवाजे पर एक मामूली कहासुनी ने खूनी अंजाम ले लिया। एक अज्ञात हमलावर ने 33 वर्षीय प्रोफेसर आलोक कुमार सिंह के पेट में चाकू घोंप दिया और ट्रेन के रुकने से पहले ही अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार,उत्तर प्रदेश के रहने वाले आलोक कुमार सिंह एक निजी कॉलेज में प्रोफेसर के पद पर कार्यरत थे और शनिवार शाम लोकल ट्रेन से घर लौट रहे थे। यात्रा के दौरान किसी बात को लेकर ट्रेन में एक यात्री से उनकी बहस हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बहस के दौरान आरोपी ने आलोक को देख लेने की धमकी भी दी थी। जैसे ही ट्रेन मलाड स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर पहुंची और आलोक उतरने के लिए दरवाजे के पास आए, उसी समय आरोपी ने अचानक चाकू से उनके पेट पर वार कर दिया। घटना इतनी तेजी से हुई कि यात्री कुछ समझ पाते, उससे पहले ही आरोपी चलती ट्रेन से कूदकर फरार हो गया।
घटना के बाद प्लेटफॉर्म पर मौजूद जीआरपी के जवानों ने गंभीर रूप से घायल आलोक को तत्काल नजदीकी शताब्दी अस्पताल पहुंचाया। चोट अत्यंत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों के प्रयास के बाद भी इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। बताया गया है कि आलोक की शादी दो वर्ष पूर्व ही हुई थी। वे मूल रूप से उत्तर प्रदेश के निवासी थे। इस घटना से उनके परिवार पर गहरा दुख और सदमा छा गया है।
इस सनसनीखेज वारदात के बाद मुंबई लोकल ट्रेनों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। बोरीवली जीआरपी ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या की धारा 103 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और यात्रियों से पूछताछ के आधार पर आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है।
NGV PRAKASH NEWS
