NGV PRAKASH NEWS

विकरु कांड : विकास दुबे की पत्नीऋचा दुबे 5 साल बाद आई सामने और लगाया यह आरोप
कानपुर, 25 जनवरी 2026.
चर्चित बिकरू कांड के पांच साल बाद विकास दुबे की पत्नी ऋचा दुबे अचानक मीडिया के सामने आईं और मामले से जुड़े कई मुद्दों पर खुलकर अपनी बात रखी। ऋचा दुबे ने विकास दुबे पर बन रही फिल्म पर रोक लगाने की मांग को लेकर इलाहाबाद हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की है। उनका आरोप है कि फिल्म की कहानी से छेड़छाड़ की गई है और इसमें विकास दुबे तथा उनके परिवार को गलत तरीके से दिखाया जा रहा है।
कानपुर में पत्रकारों से बातचीत के दौरान ऋचा दुबे ने खुशी दुबे पर परिवार को बदनाम करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि खुशी दुबे लगातार उनके मृतक पति विकास दुबे और पूरे परिवार पर झूठे आरोप लगा रही है, इसी वजह से वह पांच साल बाद मीडिया के सामने अपना पक्ष रखने आई हैं। ऋचा का दावा है कि खुशी को विकास दुबे ने किसी गलत नीयत से नहीं बल्कि एक ठाकुर परिवार से बचाकर बाहर निकाला था और बाद में खुशी ने अपनी मर्जी से अमर तिवारी से शादी की थी।
ऋचा दुबे ने खुशी दुबे की पहचान को लेकर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि खुशी खुद को खुशी दुबे बताती है, जबकि उसके पहले के नाम और शादियों का इतिहास कुछ और है। ऋचा के मुताबिक, खुशी की तीन शादियां हुई थीं, जिनमें दूसरी शादी अतुल ठाकुर से और तीसरी शादी अमर तिवारी से हुई थी। उन्होंने यह भी कहा कि विकास दुबे पर लगाए जा रहे कई आरोप तथ्यों से परे हैं।
बिकरू कांड को लेकर ऋचा दुबे ने कहा कि उन्हें उस घटना की कोई पूर्व जानकारी नहीं थी और जो कुछ हुआ, वह गलत था। उनका कहना है कि यदि विकास दुबे जीवित होते तो कई बातें सामने आ जातीं। ऋचा ने यह भी आरोप लगाया कि वह आज भी लगातार प्रताड़ना का सामना कर रही हैं।
विकास दुबे पर बन रही फिल्म को लेकर ऋचा दुबे ने कड़ा विरोध जताते हुए कहा कि फिल्म में झूठी और मनगढ़ंत कहानियां दिखाई जा रही हैं। इसी को लेकर उन्होंने हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की है और फिल्म के प्रदर्शन पर रोक लगाने की मांग की है। ऋचा दुबे के सामने आने के बाद बिकरू कांड एक बार फिर चर्चा में आ गया है।
NGV PRAKASH NEWS
