NGV PRAKASH NEWS

इंस्टाग्राम से शुरू हुआ प्यार बना मौत की वजह, नाबालिग लड़की की ईंट से कुचलकर हत्या
गाजीपुर जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां इंस्टाग्राम से शुरू हुआ प्रेम संबंध खौफनाक अंजाम तक पहुंच गया। सदर कोतवाली क्षेत्र के बयेपुर देवकली गांव में एक नाबालिग लड़की की उसके ही कथित पति ने बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
मृतका की पहचान रिंता यादव के रूप में हुई है। मृतका के पिता शेषनाथ यादव ने बताया कि करीब पांच महीने पहले रिंता की पहचान इंस्टाग्राम के माध्यम से राजू यादव से हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और आरोपी ने नाबालिग रिंता को बहला-फुसलाकर घर से भगा लिया। आरोप है कि आरोपी ने उसके साथ जबरन शादी कर ली थी।
परिजनों के अनुसार शादी के बाद से ही आरोपी रिंता के साथ लगातार मारपीट करता था। अत्याचार से तंग आकर करीब एक महीने पहले रिंता किसी तरह मायके लौट आई थी। इस मामले को लेकर परिजनों ने सदर कोतवाली में तहरीर दी थी, जिस पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। कुछ दिन पहले जमानत पर जेल से बाहर आने के बाद आरोपी दो दिन पहले रिंता से मिलने उसके घर पहुंचा था, लेकिन परिजनों ने विरोध करते हुए उसे भगा दिया था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार परिजनों ने बताया कि रविवार को जब रिंता घर में अकेली सो रही थी और परिवार के अन्य सदस्य बाहर गए हुए थे, तभी आरोपी राजू यादव घर में घुस आया। आरोप है कि उसने ईंट से सिर कुचलकर रिंता की बेरहमी से हत्या कर दी और शव को कंबल में लपेट दिया। जब परिजन घर लौटे तो रिंता खून से लथपथ हालत में पड़ी मिली। आनन-फानन में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मामले में एसपी सिटी डॉ. राकेश मिश्रा ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है।
NGV PRAKASH NEWS
