भीषण सड़क हादसे में स्लीपर बस ट्रेलर में घुसी,4 की मौके पर मौत,5 गंभीर रूप से घायल……

NGV PRAKASH NEWS

कोहरे के कारण भरतपुर में भीषण सड़क हादसा, स्लीपर बस ट्रेलर में घुसी, चार की मौत, पांच गंभीर घायल

भरतपुर, 29 जनवरी 2026.

राजस्थान के भरतपुर जिले में आगरा-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुवार अलसुबह घना कोहरा जानलेवा साबित हुआ। सेवर थाना क्षेत्र के लुधावई पुलिया के पास कासगंज से जयपुर जा रही एक स्लीपर बस आगे चल रहे ट्रेलर में पीछे से जा घुसी। हादसा इतना भीषण था कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना में चार यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसे में घायल एक यात्री रामवीर की पत्नी और आठ वर्षीय बेटे की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस और प्रशासन की टीमें तुरंत घटनास्थल पर पहुंचीं। सभी घायलों को एंबुलेंस के जरिए जिला आरबीएम अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है।

सेवर थाना के उपनिरीक्षक अवधेश के अनुसार, हादसे में मृत चारों यात्रियों के शवों को आरबीएम अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है और उनके पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम की कार्रवाई कराई जाएगी। प्रारंभिक जांच में दुर्घटना का कारण घना कोहरा और दृश्यता कम होना बताया जा रहा है।

हादसे की गंभीरता को देखते हुए जिला कलेक्टर कमर चौधरी और जिला पुलिस अधीक्षक दिगंत आनंद ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने राष्ट्रीय राजमार्ग से क्षतिग्रस्त बस और ट्रेलर को हटवाकर यातायात सुचारू कराया। साथ ही अस्पताल में चिकित्सकों की विशेष टीम तैनात कर घायलों को त्वरित और बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *