NGV PRAKASH NEWS

गुंडागर्दी नहीं, विकास चलेगा: नागरिक अभिनंदन में विधायक कुमार शैलेन्द्र का सख्त संदेश

नारायणपुर (भागलपुर), 1 फरवरी 2026.
बिहार की बिहपुर विधानसभा से का शनिवार को मधुरापुर बाजार स्थित बापू द्वार चौक पर नागरिक अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, जनप्रतिनिधि और समर्थक मौजूद रहे। इस दौरान विधायक ने जनता को संबोधित करते हुए कानून-व्यवस्था और विकास को लेकर स्पष्ट और कड़ा रुख सामने रखा।
प्राप्त समाचार के अनुसार विधायक ने कहा कि जिस भरोसे और उम्मीद के साथ क्षेत्र की जनता ने उन्हें अपना प्रतिनिधि चुना है, उस विश्वास को वे किसी भी कीमत पर टूटने नहीं देंगे। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि नारायणपुर और बिहपुर विधानसभा क्षेत्र में किसी भी गुंडे या असामाजिक तत्व को व्यापारियों और किसानों को डराने-धमकाने की छूट नहीं दी जाएगी। उन्होंने साफ कहा कि उनके क्षेत्र में कानून से ऊपर कोई नहीं है और अब गुंडागर्दी का दौर खत्म हो चुका है।
अपने संबोधन में विधायक ने क्षेत्र के दबंगों और अपराधियों को खुली चेतावनी देते हुए कहा कि असामाजिक तत्व समय रहते अपनी गतिविधियां बंद कर दें, अन्यथा उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई तय है। उन्होंने कहा कि शांति, सुरक्षा और स्वस्थ व्यापारिक माहौल को बिगाड़ने वालों के साथ कोई रियायत नहीं बरती जाएगी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में उनसे बढ़कर कोई नहीं है
विकास योजनाओं पर बात करते हुए विधायक ने बताया कि सबसे पहले मधुरापुर बाजार स्थित बापू द्वार चौक को अतिक्रमण मुक्त कराया जाएगा, ताकि यातायात व्यवस्था सुधरे और व्यापार निर्बाध रूप से संचालित हो सके। उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों के सहयोग से पूरे इलाके के चहुंमुखी विकास की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएंगे।
विधायक ने यह भी बताया कि राघोपुर से लेकर नन्हकार मौजमा गनोल तक गंगा किनारे मरीन ड्राइव के निर्माण की योजना प्रस्तावित है। इस परियोजना से न केवल पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में नारायणपुर और बिहपुर क्षेत्र विकास और कानून-व्यवस्था के मामले में नई पहचान बनाएंगे।
NGV PRAKASH NEWS
