खलीलाबाद कोतवाल पंकज पांडेय निलंबित-बस्ती में रहते हुये किए थे…….

Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

खलीलाबाद कोतवाल पंकज पांडेय निलंबित, जांच रिपोर्ट में लापरवाही की पुष्टि

संत कबीर नगर, 11 फरवरी 2026.
जनपद संत कबीर नगर में तैनात खलीलाबाद शहर कोतवाल पंकज पांडेय को निलंबित कर दिया गया है। उन पर बस्ती जिले के पैकोलिया थाना क्षेत्र से जुड़े एक प्रकरण में लापरवाही बरतने का आरोप था। मामले की जांच के बाद यह कार्रवाई की गई है, जिससे पुलिस महकमे में हलचल मच गई है।

पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीणा ने बताया कि यह कार्रवाई एडीजी गोरखपुर जोन की जांच रिपोर्ट के आधार पर की गई है। एडीजी जोन मुथा अशोक जैन द्वारा की गई जांच में पंकज पांडेय को प्रथमदृष्टया दोषी पाया गया। प्रकरण उस समय का है जब वह बस्ती जनपद के पैकोलिया थाने में तैनात थे। उस दौरान एक लड़की के लापता होने के मामले में पीड़ित पक्ष ने पुलिस पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया था, जिसके बाद उच्चाधिकारियों ने मामले को संज्ञान में लेकर जांच बैठाई थी।

जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद विभागीय कार्रवाई करते हुए पंकज पांडेय को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। इस कार्रवाई को पुलिस प्रशासन की जवाबदेही से जोड़कर देखा जा रहा है।

निलंबन के बाद धनघटा थाना प्रभारी निरीक्षक जय प्रकाश दुबे को खलीलाबाद कोतवाली का नया प्रभारी नियुक्त किया गया है। वहीं इंस्पेक्टर दिलीप सिंह को धनघटा थाने पर अपराध निरीक्षक के पद पर तैनात किया गया है। धनघटा थाना क्षेत्र में फिलहाल प्रभारी निरीक्षक की स्थायी तैनाती नहीं की गई है और बताया गया है कि अगले दो दिनों के भीतर नई नियुक्ति कर दी जाएगी।

इस घटनाक्रम के बाद जिले में पुलिस कार्यप्रणाली और जवाबदेही को लेकर चर्चा तेज हो गई है।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *