NGV PRAKASH NEWS

उत्तर भारत के 7 राज्यों में बारिश का अलर्ट, 23 जिलों में घने कोहरे की चेतावनी; IMD ने जारी किया अपडेट
नई दिल्ली, 15 फरवरी 2026.
अब जबकि ठंड का असर धीरे-धीरे खत्म होने की ओर अग्रसर है, लोग गर्म कपड़ों को रखने की तैयारी में है |
लेकिन इसी बीच मौसम विभाग ने उत्तर भारत के कई राज्यों में बारिश और घने कोहरे को लेकर नया अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार 16 फरवरी से 18 फरवरी के बीच उत्तर भारत के सात राज्यों में बारिश, तेज हवा, गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है, जिससे मौसम में एक बार फिर ठंड का असर बढ़ सकता है।
मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में अलग-अलग समय पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है। जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में 16 और 17 फरवरी को वर्षा होने की संभावना है, जबकि उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में 17 और 18 फरवरी को बारिश का प्रभाव देखने को मिल सकता है। पंजाब, हरियाणा और उत्तर राजस्थान में भी 17 और 18 फरवरी को गरज-चमक के साथ तेज बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में 17 और 18 फरवरी को हल्की बारिश की संभावना जताई गई है, जिससे तापमान में हल्की गिरावट हो सकती है। वहीं मध्य प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में 18 और 19 फरवरी को हल्की वर्षा की संभावना है। मौसम विभाग का कहना है कि उत्तर-पश्चिम भारत में अगले सप्ताह तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी भी दर्ज की जा सकती है, लेकिन बारिश और बादलों के कारण अस्थायी ठंड महसूस हो सकती है।
इसके अलावा मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश और हरियाणा के कुल 23 जिलों में घने कोहरे की चेतावनी जारी की है। उत्तर प्रदेश के आगरा, औरैया, अयोध्या, बदायूं, बागपत, बलिया, बलरामपुर, गोरखपुर, हमीरपुर, झांसी, जालौन, कानपुर और लखनऊ सहित कई जिलों में सुबह के समय घना कोहरा छाने की संभावना है, जिससे दृश्यता कम रहने और यातायात प्रभावित होने की आशंका है। हरियाणा के गुरुग्राम, पानीपत, सोनीपत, झज्जर, हिसार, रोहतक और करनाल जिलों में भी कोहरे के कारण सुबह के समय वाहन चालकों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग ने विशेष रूप से पहाड़ी क्षेत्रों की यात्रा करने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है, क्योंकि वहां बारिश और बदलते मौसम के कारण यात्रा प्रभावित हो सकती है।
NGV PRAKASH NEWS
