नपुंसक है पति,सुहागरात भी नहीं मनी… रुपयों का रौब दिखा करते हैं प्रताड़ित……

NGV PRAKASH NEWS

पति को नपुंसक बताकर विवाहिता ने ससुरालियों पर दहेज प्रताड़ना का मुकदमा दर्ज कराया

कानपुर, 17 फरवरी 2026.

रावतपुर क्षेत्र में एक विवाहिता ने अपने पति को नपुंसक बताते हुए ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने, मारपीट करने और घर से निकाल देने का आरोप लगाया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार पीड़िता, जो रावतपुर के एक मोहल्ले की निवासी है, ने बताया कि उसका विवाह 25 अप्रैल 2025 को हमीरपुर निवासी युवक के साथ हुआ था। विवाह समारोह में उसके पिता द्वारा लगभग 38 लाख रुपये खर्च किए गए थे। शादी के बाद वह ससुराल गई, लेकिन चार दिन तक साथ रहने के बावजूद पति और उसके बीच दाम्पत्य संबंध स्थापित नहीं हो सके। पीड़िता के अनुसार, दूसरी विदाई के बाद वह पति के साथ कई रिश्तेदारियों में भी रही, जहां भी पति दाम्पत्य संबंध बनाने में असमर्थ रहा।

पीड़िता का आरोप है कि इसी दौरान उसे पता चला कि उसका पति नपुंसक है और ससुरालियों ने यह महत्वपूर्ण जानकारी जानबूझकर छिपाई थी। इसके अलावा, जिस नोएडा स्थित तीन बीएचके फ्लैट को पति की संपत्ति बताकर विवाह तय किया गया था, वह फ्लैट भी किसी अन्य व्यक्ति के नाम पर दर्ज निकला। जब पीड़िता ने इस बारे में सवाल किया तो ससुराल पक्ष ने उसे धमकाना शुरू कर दिया और मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया।

पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि ससुराल पक्ष ने उस पर पत्नी बनकर साथ रहने का दबाव बनाया और कहा कि उसका पूरा खर्च वे उठाएंगे। जब उसने इसका विरोध किया तो उसके करीब 17 लाख रुपये के गहने छीन लिए गए और मायके से पांच लाख रुपये अतिरिक्त लाने की मांग की गई। मांग पूरी न करने पर अक्टूबर 2025 में ससुरालियों ने उसके साथ मारपीट कर गाली-गलौज करते हुए घर से निकाल दिया।

रावतपुर थाना प्रभारी कमलेश राय ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है, जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *