NGV PRAKASH NEWS

दबिश से लौट रही यूपी पुलिस टीम की गाड़ी हादसे का शिकार, सब इंस्पेक्टर की मौत; महिला दरोगा समेत तीन घायल
गोरखपुर, 18 फरवरी 2026.
उत्तर प्रदेश पुलिस की एक टीम महराजगंज जिले में दबिश देकर वापस गोरखपुर लौट रही थी, तभी रास्ते में उनकी गाड़ी भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गई। इस दुर्घटना में सब इंस्पेक्टर संतोष कुमार की मौत हो गई, जबकि एक महिला दरोगा, एक अन्य दरोगा और वाहन चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा मंगलवार सुबह महराजगंज जिले में कतरारी पुलिस चौकी के पास हुआ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गोरखपुर के रामगढ़ताल थाने में तैनात सब इंस्पेक्टर संतोष कुमार अपनी टीम के साथ जालसाजी के एक आरोपी की तलाश में महराजगंज जिले के सिंदुरिया थाना क्षेत्र के भेड़ियारी गांव गए थे। सोमवार रात दबिश की कार्रवाई पूरी करने के बाद पुलिस टीम मंगलवार सुबह गोरखपुर लौट रही थी। इसी दौरान कतरारी पुलिस चौकी के पास वाहन चालक को अचानक झपकी आ गई, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन पेड़ से टकराने के बाद आगे तक घिसटता चला गया।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग तुरंत मदद के लिए दौड़ पड़े। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंची और राहगीरों की सहायता से सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल सब इंस्पेक्टर संतोष कुमार को बचाने के प्रयास किए गए, लेकिन डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके और मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल सब इंस्पेक्टर रमेश चंद्र कुशवाहा, महिला सब इंस्पेक्टर गीता और वाहन चालक का इलाज गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में चल रहा है, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
बताया गया कि वाहन चालक समेत पूरी टीम रात भर जागकर दबिश की कार्रवाई में लगी थी और सभी को नींद आ रही थी। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह चालक को झपकी आना और वाहन की तेज रफ्तार बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई और वरिष्ठ अधिकारी अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल लिया।
मृतक सब इंस्पेक्टर संतोष कुमार बिहार के सिवान जिले के सहसराव गांव के निवासी थे और वर्ष 2023 बैच के दरोगा थे। गोरखपुर में उनकी यह पहली तैनाती थी। इस हादसे से उनके परिवार में कोहराम मच गया है और पुलिस महकमे में शोक का माहौल है।
NGV PRAKASH NEWS
