NGV PRAKASH NEWS

पत्नी से अफेयर के शक में नाबालिग का अपहरण, चाकू की नोक पर दोस्त से कराया कुकर्म; कुख्यात अपराधी गिरफ्तार
नागपुर, 18 फरवरी 2026.
महाराष्ट्र के नागपुर से एक सनसनीखेज और दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां पत्नी के साथ कथित अफेयर के संदेह में एक व्यक्ति ने 17 वर्षीय नाबालिग का अपहरण कर लिया और चाकू की नोक पर उसके ही दोस्त से कुकर्म करवाया। इस मामले में इमामवाड़ा पुलिस ने कुख्यात अपराधी सुभाष उके (40), निवासी इंदिरा नगर, जाटतरोडी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार सुभाष उके को संदेह था कि उसकी पत्नी का नाबालिग के साथ संबंध है। इसी शक के चलते उसने 15 फरवरी की सुबह मेडिकल चौक पर खड़े नाबालिग और उसके तीन दोस्तों को अंभोरा घुमाने के बहाने कार में बैठा लिया। आरोपी चारों को सुनसान इलाके में ले गया, जहां नाबालिग को शक हुआ और उसने वहां लाने का कारण पूछा। इस पर आरोपी ने उस पर पत्नी से संबंध होने का आरोप लगाते हुए चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गया।
इसके बाद आरोपी ने चाकू के डर से नाबालिग के एक साथी को उसके साथ कुकर्म करने के लिए मजबूर कर दिया। आरोपी ने इस पूरी घटना का वीडियो भी बनाया और किसी को बताने पर वीडियो वायरल करने की धमकी दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना के बाद किसी तरह घर पहुंचे पीड़ित ने पूरी जानकारी अपने परिजनों को दी, जिसके बाद इमामवाड़ा थाने में शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी के खिलाफ अपहरण, हमला और पॉक्सो एक्ट सहित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। कोर्ट में पेश करने के बाद आरोपी को तीन दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है।
बताया जा रहा है कि सुभाष उके एक पेशेवर अपराधी है और उसके खिलाफ पहले से हत्या सहित कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। इस घटना के बाद इलाके में भारी आक्रोश है और स्थानीय लोग आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। इमामवाड़ा थाने के वरिष्ठ निरीक्षक जयवंत पाटिल ने बताया कि मामले की जांच जारी है और सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है।
NGV PRAKASH NEWS
