6 दिन से लापता युवक का कुआँनों में मिला शव- परिजनों ने पुलिस पर लगाया लापरवाही का आरोप…….

NGV PRAKASH NEWS

कुआनो नदी में मिला 6 दिन से लापता युवक का शव, परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही का लगाया आरोप

बस्ती, 19 फरवरी 2026.

जिले के कुदरहा थाना क्षेत्र में छह दिन से लापता 25 वर्षीय युवक रामरीत यादव का शव कुआनो नदी में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। गुरुवार को कोमरवा गांव के पास नदी में शव उतराता देख मछुआरों ने ग्रामीणों को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाकर कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बताया जा रहा है कि मृतक रामरीत यादव सूरत की एक निजी कंपनी में कार्यरत था और हाल ही में तबीयत खराब होने के कारण अपने घर आया था। उसके भाई रामकिशन के अनुसार रामरीत को दस्त की समस्या थी और इसी कारण वह अक्सर नदी की ओर जाता था। 12 फरवरी की शाम वह घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। इसके बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू कर दी।

परिजनों ने पुलिस पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। रामकिशन ने बताया कि 13 फरवरी को वे कुदरहा चौकी पहुंचे थे, जहां से उन्हें लालगंज थाने भेज दिया गया। लालगंज थाने में मौजूद पुलिसकर्मियों ने यह कहकर टाल दिया कि संबंधित अधिकारी मौजूद नहीं हैं। परिजनों का आरोप है कि कई दिनों तक थाने के चक्कर लगाने के बावजूद पुलिस ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज नहीं की, जिससे समय पर तलाश शुरू नहीं हो सकी।

परिजनों का कहना है कि आज सुबह जब थानाध्यक्ष ने जांच के लिए पुलिसकर्मियों को भेजा, उसी दौरान युवक का शव नदी में मिलने की सूचना मिली। इससे परिजनों में आक्रोश है और उन्होंने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं।

इस संबंध में लालगंज थानाध्यक्ष संजय कुमार ने बताया कि इस मामले में पहले गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई थी। आज प्रार्थना पत्र मिलने के बाद पुलिस टीम को जांच के लिए भेजा गया था, तभी शव मिलने की सूचना मिली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *