NGV PRAKASH NEWS


पत्नी का अश्लील वीडियो बनाकर पॉर्न साइट पर अपलोड करने वाला पति गिरफ्तार, न्यायिक हिरासत में भेजा गया
रीवा (मध्य प्रदेश), 20 फरवरी 2026.
मध्य प्रदेश के रीवा जिले में पत्नी का निजी और आपत्तिजनक वीडियो बनाकर उसे पॉर्न साइट्स और सोशल मीडिया पर वायरल करने के आरोपी पति शिवम साहू को समान थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर अपनी पत्नी की निजता का उल्लंघन करते हुए वीडियो रिकॉर्ड करने और उसे इंटरनेट पर अपलोड कर बदनाम करने का गंभीर आरोप है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पीड़िता का विवाह 10 मई 2025 को शिवम साहू से हुआ था। पीड़िता और उसके परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही आरोपी दहेज की मांग को लेकर उसे प्रताड़ित करता था। विवाह के समय करीब तीन लाख रुपये की मांग की गई थी, जिसमें से दो लाख रुपये दिए गए, लेकिन शेष रकम के लिए लगातार दबाव बनाया जा रहा था।
पीड़िता के अनुसार दिसंबर 2025 में आरोपी ने उसका निजी वीडियो रिकॉर्ड कर लिया और बाद में उसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और रिश्तेदारों के बीच वायरल कर दिया। जब पीड़िता ने इसका विरोध किया तो आरोपी ने उसे और अधिक बदनाम करने तथा गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी इंटरनेट पर आपत्तिजनक सामग्री देखने का आदी था और कथित तौर पर प्रसिद्धि पाने के उद्देश्य से उसने यह कृत्य किया।
वीडियो वायरल होने के बाद आरोपी मुंबई भाग गया था और वहां छिपा हुआ था। पुलिस के अनुसार 12 फरवरी को आरोपी हथियार लेकर मऊगंज क्षेत्र स्थित अपने ससुराल पहुंचा और परिवार को धमकाने लगा। सूचना मिलने पर पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
सीएसपी राजीव पाठक ने बताया कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ दहेज प्रताड़ना, धमकी और निजी वीडियो वायरल करने सहित विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच के लिए पुलिस तकनीकी साक्ष्य एकत्र कर रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पीड़िता को आवश्यक कानूनी सुरक्षा प्रदान की जा रही है और मामले में विधि सम्मत कार्रवाई जारी है।
NGV PRAKASH NEWS
