अटल बिहारी बाजपेयी प्रेक्षागृह में मेगा विधिक सहायता एवं सेवा शिविर संपन्न, 44 विभागों ने लगाए स्टॉल…….

Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

अटल बिहारी बाजपेयी प्रेक्षागृह में मेगा विधिक सहायता एवं सेवा शिविर संपन्न, 44 विभागों ने लगाए स्टॉल

बस्ती, 22 फरवरी 2026.

राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण एवं उ.प्र. राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार तथा जनपद न्यायाधीश शमसुल हक के मार्गदर्शन में अटल बिहारी बाजपेयी प्रेक्षागृह (बस्ती क्लब) में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा मेगा विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ पर्यावरण संरक्षण और जनसंरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से वृक्षारोपण कर किया गया।

शिविर में समाज के निर्बल वर्ग, दिव्यांगजन, महिलाएं, बच्चे, असंगठित क्षेत्र के श्रमिक तथा अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्ग के लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं और विधिक अधिकारों की जानकारी प्रदान की गई। लगभग 44 विभागों ने अपने-अपने स्टॉल लगाकर जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने का कार्य किया। समाज कल्याण, बाल विकास एवं पुष्टाहार, ग्राम्य विकास, कृषि, पंचायती राज, श्रम एवं सेवा, चिकित्सा, परिवहन, बैंकिंग सहायता एवं ऋण, जिला कारागार सहित अन्य विभागों ने प्रतिभाग किया।

जनपद न्यायाधीश ने अपने संबोधन में कहा कि आम जनता की न्याय तक पहुंच विधि के शासन का अभिन्न अंग है। न्याय तक पहुंच केवल न्यायालय आधारित सेवाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि विभिन्न अधिनियमों और कल्याणकारी योजनाओं के प्रति लोगों को जागरूक करना और उन्हें योजनाओं का वास्तविक लाभ दिलाना भी इसका महत्वपूर्ण हिस्सा है। शिविर के प्रभावी संचालन एवं विभिन्न विभागीय स्टॉलों के पर्यवेक्षण के लिए न्यायिक अधिकारियों की एक समिति भी गठित की गई थी।

कार्यक्रम के दौरान बच्चों द्वारा दहेज प्रतिषेध, बाल श्रम निषेध और बाल विवाह निषेध जैसे सामाजिक विषयों पर नाट्य मंचन कर उपस्थित लोगों को जागरूक किया गया। विभिन्न विभागों द्वारा चिन्हित पात्र लाभार्थियों को टूल-किट, चेक, श्रम पंजीयन प्रमाण पत्र तथा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना और विश्वकर्मा सम्मान योजना के अंतर्गत प्रमाण पत्र वितरित किए गए।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव राज बाबू ने राष्ट्रीय एवं राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी दी तथा नालसा और सालसा के टोल फ्री नंबर एवं न्याय मार्ग एप के उपयोग के बारे में लोगों को जागरूक किया। स्वास्थ्य विभाग द्वारा शिविर में रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया गया, जिसमें लोगों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की।

इस अवसर पर पुलिस विभाग द्वारा लगाए गए मिशन शक्ति, अग्निशमन सुरक्षा एवं साइबर अपराध जागरूकता से संबंधित स्टॉलों का भी निरीक्षण किया गया। महिलाओं की सुरक्षा, आत्मरक्षा, अग्नि सुरक्षा उपायों तथा साइबर ठगी से बचाव के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। बड़ी संख्या में आमजन की उपस्थिति ने कार्यक्रम को सफल बनाया।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *