NGV PRAKASH NEWS

हरदोई, 22 फरवरी 2026।
उत्तर प्रदेश के हरदोई में एक पांच वर्षीय बच्ची की सूझबूझ और साहस ने उसकी मां की जान बचा ली। संपत्ति विवाद में घर में घुसकर मारपीट कर रहे आरोपियों से घिरी महिला को बचाने के लिए घायल अवस्था में बच्ची करीब 200 मीटर दौड़कर कोतवाली पहुंची और पुलिस को सूचना दी। बच्ची की गुहार पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना शहर कोतवाली क्षेत्र के नुमाइश पुरवा की है। पीड़िता का अपने दिवंगत पति के पैतृक मकान को लेकर मामा ससुर विनोद श्रीवास्तव से विवाद चल रहा है। महिला के पति, ससुर और सास का पहले ही निधन हो चुका है। महिला का आरोप है कि उसके हिस्से की संपत्ति पर कब्जा करने के लिए फर्जी बैनामा कराया गया। इसी मामले में उसने 1 फरवरी को विनोद, उनकी पत्नी और बेटे के खिलाफ मारपीट व धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कराया था।
शनिवार को जब महिला अपनी पांच साल की बेटी के साथ घर पहुंची तो आरोपियों ने समझौते का दबाव बनाया। विरोध करने पर पहले मासूम बच्ची पर पालतू कुत्ता छोड़ दिया गया, जिससे वह घायल हो गई। इसके बाद महिला को घेरकर बेरहमी से पीटा गया। घर के भीतर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई।
इन हालात में सहमी और घायल बच्ची ने साहस दिखाया। वह घटनास्थल से भागकर सीधे कोतवाली पहुंची और ड्यूटी पर मौजूद पुलिसकर्मियों से कहा कि “घर में मम्मी को मार रहे हैं।” बच्ची की बात सुनते ही पुलिस टीम उसे साथ लेकर मौके पर पहुंची, जहां दो लोग महिला से मारपीट कर रहे थे। पुलिस ने दोनों को मौके से हिरासत में लेकर घायल मां-बेटी का मेडिकल कराया और केस दर्ज कर लिया।
अपर पुलिस अधीक्षक सुबोध गौतम ने बताया कि बच्ची की सूचना पर तुरंत पुलिस मौके पर पहुंची और मारपीट कर रहे आरोपियों को पकड़ लिया गया। उन्होंने कहा कि यह घरेलू संपत्ति विवाद से जुड़ा मामला है और दोनों पीड़ित सुरक्षित हैं। आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पीड़िता ने सुनाई आपबीती
पीड़िता के अनुसार, आधा मकान उसकी सास के नाम और आधा ससुर के नाम था। सास वाले हिस्से को भाभी के नाम कर दिया गया था, जबकि ससुर वाला हिस्सा उसके पति के नाम था। पति के निधन के बाद वही हिस्सा उसका है। आरोप है कि अब विपक्षी फर्जी तरीके से पूरे मकान का बैनामा होने का दावा कर रहे हैं और छह लाख रुपये लेकर समझौता करने का दबाव बना रहे हैं। महिला ने बताया कि विरोध करने पर उसे डंडों, बेल्ट और चाकू से धमकाकर पीटा गया और बच्ची पर कुत्ता छोड़ दिया गया।
पुलिस की तत्परता और मासूम बच्ची की बहादुरी से बड़ा हादसा टल गया। इलाके में इस घटना की चर्चा है और बच्ची की सूझबूझ की सराहना की जा रही है।
NGV PRAKASH NEWS
