NGV PRAKASH NEWS

दुबई में भाई के फंसे होने का झांसा देकर 50 हजार की ठगी, कॉल के बाद खुला साइबर जालसाजों का खेल

बस्ती, 23 फरवरी 2026.
साइबर ठगी से बचाव के लिए लगातार जागरूकता अभियान पुलिस द्वारा चलाए जा रहा है, उसके बाद भी लोग साइबर ठगी का शिकार हो रहे हैं और अपनी गाढी कमाई गवां दे रहे हैं |
ऐसा ही एक मामला नगर थाना क्षेत्र में आया है जहां साइबर ठगों ने एक बार फिर अपनी सक्रियता का परिचय देते हुए एक व्यक्ति को भावनात्मक दबाव में लेकर 50 हजार रुपये की ठगी कर ली। ठगों ने पीड़ित को यह विश्वास दिलाया कि उसका भाई दुबई में मारपीट की घटना में फंस गया है और जेल भेजा जाने वाला है। घबराहट में आकर पीड़ित ने बताए गए खाते में रकम ट्रांसफर कर दी, लेकिन बाद में भाई से बात होने पर पूरे षड्यंत्र का खुलासा हुआ।
ग्राम फुलवरिया निवासी मुरलीचन्द्र निषाद के मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने स्वयं को दुबई का अधिकारी बताते हुए कहा कि मुरलीचन्द्र का भाई वहां किसी विवाद में फंस गया है और पुलिस कार्रवाई होने वाली है। उसे जेल से बचाने के लिए तत्काल 50 हजार रुपये की जरूरत बताई गई। कॉल करने वाले ने बेहद जल्दबाजी और दबाव का माहौल बनाते हुए रकम तुरंत भेजने की बात कही।
अचानक आई इस सूचना से मुरलीचन्द्र घबरा गए। परिवार की इज्जत और भाई की सुरक्षा की चिंता में उन्होंने बिना पुष्टि किए बताए गए बैंक खाते में 50 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। रकम भेजने के कुछ समय बाद जब उन्होंने सीधे अपने भाई से संपर्क किया तो सच्चाई सामने आई। भाई ने बताया कि वह पूरी तरह सुरक्षित है, अपने कार्यस्थल पर मौजूद है और उसके साथ किसी प्रकार की कोई घटना नहीं हुई है। तब मुरलीचन्द्र को एहसास हुआ कि वे साइबर ठगी का शिकार हो चुके हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही उन्होंने नगर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। थानाध्यक्ष भानु प्रताप सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर आवश्यक विधिक कार्यवाही कर रही है ।
पुलिस के अनुसार यह तरीका “फैमिली इमरजेंसी स्कैम” के नाम से जाना जाता है। इसमें ठग विदेश में फंसे रिश्तेदार, दुर्घटना, पुलिस कार्रवाई या मेडिकल आपात स्थिति का हवाला देकर लोगों को डराते हैं और तुरंत पैसे भेजने का दबाव बनाते हैं। उत्तर प्रदेश समेत देश के कई हिस्सों में इस तरह की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जहां विदेशी स्थानों का नाम लेकर लोगों से ठगी की गई है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि ऐसे किसी भी कॉल पर तुरंत विश्वास न करें। पहले संबंधित व्यक्ति से सीधे संपर्क कर सत्यापन करें और किसी भी अज्ञात खाते में धनराशि ट्रांसफर करने से बचें। साइबर ठगी की स्थिति में तत्काल नजदीकी थाने या साइबर हेल्पलाइन पर सूचना देना आवश्यक है।
NGV PRAKASH NEWS
