एयर एंबुलेंस हुई क्रश- मरीज सहित इतने लोग की हो गई दर्द मौत…….

NGV PRAKASH NEWS

एयर एम्बुलेंस चतरा के जंगलों में क्रैश, बर्न इंजरी से पीड़ित मरीज की मौत

रांची, 24 फरवरी 2026.

झारखंड की राजधानी रांची से दिल्ली जा रही एक एयर एम्बुलेंस सोमवार शाम चतरा जिले के सिमरिया थाना क्षेत्र के करमाटांड़ गांव के पास घने जंगलों में दुर्घटनाग्रस्त हो गई। रांची एयरपोर्ट के निदेशक ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि टेकऑफ के कुछ ही देर बाद विमान का संपर्क रडार से टूट गया था। हादसे में इलाज के लिए ले जाए जा रहे 41 वर्षीय संजय कुमार की मौत हो गई है, जिन्हें गंभीर बर्न इंजरी के कारण एयर एम्बुलेंस से दिल्ली ले जाया जा रहा था।

डीजीसीए ने आधिकारिक बयान जारी करते हुए बताया कि 23 फरवरी 2026 को रेडबर्ड एयरवेज प्राइवेट लिमिटेड का बीचक्राफ्ट C90 विमान (पंजीकरण संख्या VT-AJV) रांची-दिल्ली सेक्टर पर मेडिकल इवैक्युएशन उड़ान भर रहा था। विमान ने शाम 7:11 बजे रांची से उड़ान भरी थी और कोलकाता एटीसी से संपर्क स्थापित किया था, लेकिन शाम 7:34 बजे संचार और रडार संपर्क अचानक टूट गया। बाद में यह विमान चतरा जिले की कसारिया पंचायत क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त पाया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार विमान में कुल सात लोग सवार थे। इनमें एक मरीज, एक डॉक्टर, एक पैरामेडिक, दो अटेंडेंट (मरीज के परिजन), एक मुख्य पायलट और एक को-पायलट शामिल थे। सवार लोगों की पहचान अर्चना कुमारी, ध्रुव कुमार, डॉ. विकास कुमार गुप्ता, सचिन कुमार मिश्रा, कैप्टन विवेक विकास भगत और कैप्टन सवराजदीप सिंह के रूप में हुई है। अन्य घायलों की स्थिति को लेकर प्रशासन की ओर से विस्तृत आधिकारिक जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।

चतरा के पुलिस अधीक्षक सुमित अग्रवाल ने बताया कि ग्रामीणों से हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस और प्रशासन की टीमें तत्काल मौके के लिए रवाना की गईं। घटनास्थल घने जंगलों से घिरा है, जिससे राहत एवं बचाव कार्य में कठिनाइयां आ रही हैं। जिला प्रशासन की खोज एवं बचाव टीमें मौके पर मौजूद हैं और स्थिति का आकलन किया जा रहा है।

दुर्घटना की विस्तृत जांच के लिए संबंधित एजेंसियों की टीम रवाना की जा रही है। राज्य सरकार ने भी पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच के संकेत दिए हैं ताकि हादसे के कारणों का स्पष्ट पता लगाया जा सके। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी गई है और प्रशासन की ओर से लगातार निगरानी की जा रही है।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *