फोरेक्स निवेश के नाम पर 23.90 लाख की ठगी, पैसा मांगने पर जान से मारने की धमकी…….

NGV PRAKASH NEWS

फोरेक्स निवेश के नाम पर 23.90 लाख की ठगी, पैसा मांगने पर जान से मारने की धमकी

बस्ती, 24 फरवरी 2026.

फोरेक्स एक्सचेंज में निवेश के नाम पर 23 लाख 90 हजार 550 रुपये की ठगी का मामला प्रकाश में आया है। पीड़ित युवक की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने दो नामजद आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी, अमानत में खयानत और जान से मारने की धमकी देने की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

रौतापार ब्लाक रोड, गांधीनगर निवासी राकेश कुमार सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि आरोपियों ने उन्हें फोरेक्स एक्सचेंज का कोर्स कराने तथा ट्रेडिंग के जरिए कम समय में अधिक मुनाफा दिलाने का भरोसा दिया था। झांसे में आकर उन्होंने अलग-अलग तिथियों में कुल 23 लाख 90 हजार 550 रुपये आरोपियों द्वारा बताए गए बैंक खातों में स्थानांतरित कर दिए।

पीड़ित का आरोप है कि जब उन्होंने अपने निवेश पर लाभ अथवा मूल धन वापस करने की मांग की, तो आरोपियों ने पहले टालमटोल की और बाद में साफ तौर पर पैसे लौटाने से इनकार कर दिया। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान हो गए।

इस प्रकरण में पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर राजू गौड़ निवासी ग्राम कोठवा थाना नगर तथा अभिषेक कुमार वर्मा निवासी वार्ड संख्या 17, पुराना डाकखाना थाना कोतवाली को नामजद किया है।

मामले में अपर पुलिस अधीक्षक श्याम कांत ने बताया कि मामला दर्ज कर विधिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की जांच की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि निवेश के नाम पर तेजी से बढ़ रहे ऑनलाइन फ्रॉड के मामलों को गंभीरता से लिया जा रहा है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *