NGV PRAKASH NEWS

जर्मनी से आई बारात, बाराबंकी में हिंदू रीति-रिवाज से हुई अनोखी शादी बनी चर्चा का विषय
बाराबंकी, 27 फरवरी 2026.
उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में इन दिनों एक अनोखी शादी पूरे इलाके में चर्चा का केंद्र बनी हुई है। जर्मनी से आई बारात और विदेशी दूल्हे ने भारतीय परंपराओं के साथ सात फेरे लेकर ऐसा सांस्कृतिक संगम पेश किया, जिसे देखने वाले भी भावुक हो उठे। गोरे-चिट्टे अंग्रेज नुमा दूल्हे ने भारतीय वेशभूषा में मंडप में बैठकर मंत्रोच्चार के बीच दुल्हन का हाथ थामा और हिंदू रीति-रिवाज से विवाह संपन्न किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बताया जा रहा है कि यह शादी 20 फरवरी को शहर के होटल रिलाइट में धूमधाम से आयोजित की गई। जर्मनी से करीब 13 से 14 विदेशी मेहमान बारात में शामिल हुए थे, जबकि कुल मिलाकर लगभग 300 से 350 लोगों ने इस समारोह में भाग लिया। विदेशी मेहमान भारतीय संगीत की धुन पर जमकर झूमते नजर आए और पारंपरिक रस्मों को उत्साह के साथ निभाते दिखे।
विवाह समारोह में जयमाल, सात फेरे और अन्य सभी रस्में विधि-विधान के साथ संपन्न हुईं। मंडप में वैदिक मंत्रों की गूंज के बीच दूल्हा मार्कस ईदर और दुल्हन रुलन वर्मा ने सात जन्मों तक साथ निभाने की शपथ ली। शादी के वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं, जिनमें विदेशी मेहमानों का भारतीय अंदाज में नृत्य और पारंपरिक परिधानों में शामिल होना लोगों को आकर्षित कर रहा है।
परिवार के अनुसार दोनों पेशे से वैज्ञानिक हैं और उनकी मुलाकात लगभग सात वर्ष पहले हुई थी। फिलहाल दोनों ऑस्ट्रेलिया में रह रहे हैं। दुल्हन के भाई नीतीश पटेल ने बताया कि विवाह पूरी तरह हिंदू रीति-रिवाज से संपन्न हुआ। हालांकि परिवार की ओर से अधिक टिप्पणी करने से परहेज किया गया है।
यह शादी अब केवल एक पारिवारिक आयोजन नहीं रह गई है, बल्कि सांस्कृतिक मेलजोल और परंपराओं के सम्मान की मिसाल के रूप में देखी जा रही है। बाराबंकी से निकली यह खबर देशभर में चर्चा बटोर रही है।
NGV PRAKASH NEWS
