70 की उम्र में सपा नेता ने किया चौथा निकाह-दूसरी पत्नी पहुंची थाने…….

NGV PRAKASH NEWS

पूर्व पार्षद हाजी खलील के चौथे निकाह के बाद बढ़ा विवाद, दूसरी पत्नी ने लगाए गंभीर आरोप

गाजियाबाद, 07 मई 2026.

गाजियाबाद के थाना कोतवाली क्षेत्र स्थित कैला भट्टा मोहल्ले में रहने वाले समाजवादी पार्टी के नेता और पूर्व पार्षद हाजी खलील एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। 70 वर्ष की उम्र में 20 वर्षीय युवती से चौथा निकाह करने के बाद उनकी दूसरी पत्नी नाजरीन ने उनके खिलाफ उत्पीड़न, धोखाधड़ी और जान से मारने की धमकी जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। मामले को लेकर नाजरीन अपने बेटे के साथ पुलिस कमिश्नर कार्यालय पहुंचीं और अतिरिक्त पुलिस आयुक्त को शिकायत पत्र सौंपकर कार्रवाई की मांग की।

प्राप्त जानकारी के अनुसार नाजरीन ने आरोप लगाया कि उन्हें मेहर में मिली संपत्ति, जिस पर वह लंबे समय से काबिज हैं, अब हाजी खलील अपने कब्जे में लेना चाहते हैं। महिला का कहना है कि संपत्ति को लेकर लगातार दबाव बनाया जा रहा है और विरोध करने पर उन्हें धमकियां दी जा रही हैं।

महिला के अनुसार उनका निकाह वर्ष 1991 में हाजी खलील से हुआ था। उन्होंने बताया कि उस समय उन्हें यह जानकारी नहीं दी गई थी कि खलील पहले से शादीशुदा हैं। नाजरीन के मुताबिक हाजी खलील की पहली पत्नी से आठ बच्चे हैं, जबकि उनसे दो बेटियां और एक बेटा हैं। शिकायत में यह भी कहा गया है कि वर्ष 2010 में हाजी खलील ने तीसरा निकाह किया था, लेकिन बाद में उस पत्नी को तलाक दे दिया गया। हाल ही में उन्होंने 20 वर्षीय युवती यासमीन से चौथा निकाह कर लिया, जिसके बाद परिवार में विवाद और गहरा गया।

नाजरीन का आरोप है कि नई पत्नी और हाजी खलील दोनों की नजर उनकी संपत्ति पर है। उन्होंने कहा कि संपत्ति अपने नाम कराने के लिए साजिश रची जा रही है। विरोध करने पर उन्हें और उनके बेटे को घर से निकाल दिया गया तथा जान से मारने की धमकियां दी गईं। महिला ने पुलिस से सुरक्षा उपलब्ध कराने और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

हाजी खलील इलाके के पुराने राजनीतिक चेहरों में गिने जाते हैं और वर्ष 1995 तथा 2000 में इस्लामनगर वार्ड से पार्षद रह चुके हैं। उनके खिलाफ पहले भी नगर निगम की करोड़ों रुपये की जमीन पर अवैध कब्जे के आरोप लग चुके हैं।

वहीं दूसरी ओर हाजी खलील ने भी अपना पक्ष रखते हुए कहा कि नाजरीन के साथ उनका संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा है, जो पहले से अदालत में विचाराधीन है। उनका कहना है कि महिला को कोर्ट में यह साबित करना होगा कि वह उनकी पत्नी हैं।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शिकायत प्राप्त हो चुकी है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस के मुताबिक जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *