Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS


होली से पहले परसरामपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 100 कुंटल लहन नष्ट, ध्वनि प्रदूषण में डीजे सीज
बस्ती, 01 मार्च 2026.
➡️आगामी होली पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से थानाध्यक्ष विश्व मोहन राय के नेतृत्व में थाना परसरामपुर पुलिस ने अवैध कच्ची शराब के विरुद्ध वृहद अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की। थाना क्षेत्र के अचरवल गांव में सघन दबिश के दौरान अवैध शराब निर्माण में प्रयुक्त उपकरण बरामद किए गए तथा मौके पर पाए गए लगभग 100 कुंटल लहन को नियमानुसार नष्ट कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार होली के मद्देनजर अवैध कच्ची शराब के निर्माण और बिक्री पर प्रभावी रोकथाम के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अचरवल क्षेत्र में दबिश दी गई, जहां बड़ी मात्रा में लहन तैयार किया जा रहा था। बरामद सामग्री को मौके पर ही नष्ट करते हुए अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने का संदेश दिया गया। पुलिस का कहना है कि अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

➡️इसी दौरान थाना परसरामपुर पुलिस ने ध्वनि प्रदूषण के मामले में भी कार्रवाई की। मानक से अधिक ध्वनि स्तर पर डीजे बजाने की शिकायत पर पुलिस ने बरहपुर पांडे निवासी राममिलन को चेतावनी देने के बावजूद तेज आवाज में डीजे बजाते पाया। इसके बाद पुलिस ने संबंधित डीजे को सीज कर आवश्यक कार्रवाई की।
कार्रवाई में थानाध्यक्ष विश्वमोहन राय के नेतृत्व में थाना परसरामपुर पुलिस टीम सक्रिय रही। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों के दौरान कानून व्यवस्था, सार्वजनिक सुरक्षा और शांति व्यवस्था से समझौता नहीं किया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
NGV PRAKASH NEWS

