मुद्रा योजना व सरकारी योजनाओं के नाम पर करोड़ों की साइबर ठगी करने वाले 10 हजार के इनामिया समेत 5 गिरफ्तार…….

Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

मुद्रा योजना व सरकारी योजनाओं के नाम पर करोड़ों की साइबर ठगी, 10 हजार के इनामिया समेत 5 गिरफ्तार

बस्ती, 01 मार्च 2026.

जनपद में साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए साइबर थाना पुलिस टीम और साइबर स्वाट टीम ने संयुक्त अभियान में 10 हजार रुपये के इनामिया सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें चार अंतर्राज्यीय और एक बस्ती जनपद का निवासी शामिल है। आरोपियों के कब्जे से 9 मोबाइल फोन, 15 एटीएम कार्ड, 8 सिम कार्ड, बजाज फिनसर्व के 3 फर्जी आईकार्ड तथा भारी मात्रा में फर्जी बैंक खातों की डिटेल्स और डेबिट कार्ड बरामद किए गए हैं।

यह कार्रवाई थाना सोनहा पर 27 नवंबर 2025 को पंजीकृत मु0अ0सं0 285/2025 धारा 3(5), 318(4), 319(2), 111, 351(3) बीएनएस व 66D आईटी एक्ट तथा थाना लालगंज पर पंजीकृत मु0अ0सं0 312/2025 धारा 3(5), 318(4), 319(2), 351(3) बीएनएस व 66D आईटी एक्ट से संबंधित मामलों में की गई। गिरफ्तार आरोपियों में सतीस उर्फ सचिन महतो, शिवम पाण्डेय उर्फ बाबा, राजा राम कुमार, शिवम कुमार और लवकुश चौधरी शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार आरोपी भोले-भाले और गरीब लोगों को बजाज फिनसर्व से सस्ता लोन दिलाने तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने का झांसा देते थे। इसके लिए वे लोगों के नाम पर बैंक खाते खुलवाकर उनका एटीएम, नेट बैंकिंग और मोबाइल बैंकिंग अपने कब्जे में रख लेते थे। बाद में इन खातों को ‘म्यूल अकाउंट’ के रूप में इस्तेमाल कर लाखों-करोड़ों रुपये का अवैध लेनदेन करते थे। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर फर्जी लोन कंपनियों के विज्ञापन चलाकर प्रोसेसिंग और इंश्योरेंस फीस के नाम पर ठगी की जाती थी। भरोसा दिलाने के लिए बजाज फिनसर्व के फर्जी आईकार्ड का इस्तेमाल किया जाता था।

बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 336(3), 338 और 340(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है। पुलिस के मुताबिक आरोपियों के नेटवर्क की जांच की जा रही है और अन्य संबंधित व्यक्तियों की तलाश जारी है।

गिरफ्तारी 01 मार्च 2026 को चार आरोपियों की फोरलेन एनएच-28 पर टेमा रहमत से लगभग 100 मीटर दूरी पर तथा एक आरोपी की मथौली के पास से की गई। कार्रवाई में साइबर थाना प्रभारी कुलदीप कुमार त्रिपाठी, साइबर स्वाट प्रभारी उपनिरीक्षक रितेश सिंह, निरीक्षक भगवान सिंह, निरीक्षक राजेश विश्वकर्मा, उपनिरीक्षक लालता प्रसाद सहित साइबर स्वाट और थाना लालगंज की संयुक्त टीम शामिल रही।

पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार के लोन या सरकारी योजना के नाम पर ऑनलाइन प्रोसेसिंग फीस जमा करने से पहले संबंधित संस्था की सत्यता की जांच अवश्य करें।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *