केक बना काल! 18 वर्षीय युवक की मौत, तीन वर्षीय मासूम अस्पताल में भर्ती…….

Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

केक बना काल! 18 वर्षीय युवक की मौत, तीन वर्षीय मासूम अस्पताल में भर्ती

बस्ती, 01 मार्च 2026.

जनपद के थाना गौर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत महुआ डाबर में केक खाने के बाद 18 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, जबकि पड़ोस का तीन वर्षीय बच्चा बीमार होकर अस्पताल में भर्ती है। घटना के बाद गांव में शोक के साथ आक्रोश का माहौल है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार महुआ डाबर निवासी संतोष कुमार सिंह का पुत्र अमन सिंह (18 वर्ष) गांव की एक दुकान से केक खरीदकर लाया था। परिजनों का कहना है कि केक खाने के कुछ ही देर बाद अमन की तबीयत अचानक बिगड़ गई। परिजन उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गौर ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने जिला अस्पताल बस्ती रेफर कर दिया। परिजन उसे लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही अमन ने दम तोड़ दिया।

इसी दौरान पड़ोसी दुर्गा प्रसाद प्रजापति के पुत्र ओमकार प्रजापति (3 वर्ष) को भी अमन ने थोड़ा केक खिला दिया था। कुछ समय बाद बच्चे की भी तबीयत बिगड़ गई। परिजन उसे सीएचसी गौर ले गए, जहां से उसे कैली अस्पताल, बस्ती रेफर कर दिया गया। वहां उसका उपचार जारी है।

घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। ग्रामीणों का कहना है कि केक “राजा ब्राण्ड” नाम से बेचा जा रहा था। आशंका जताई जा रही है कि कहीं केक एक्सपायरी तो नहीं था या उसे सही तरीके से संरक्षित नहीं किया गया था। हालांकि वास्तविक स्थिति जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

क्षेत्राधिकारी हर्रैया स्वर्णिमा सिंह ने बताया कि केक खाने के बाद युवक की तबीयत बिगड़ने से मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस खाद्य सुरक्षा विभाग के साथ मिलकर संबंधित दुकान और उत्पाद की जांच कर रही है।

ग्रामीणों ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। प्रशासन का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके अनुसार नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *