NGV PRAKASH NEWS

उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में हनीट्रैप गिरोह का भंडाफोड़, तीन महिलाएं और तीन युवक गिरफ्तार
मुरादाबाद 2 मार्च 26.
थाना सिविल लाइंस क्षेत्र में पुलिस ने हनीट्रैप के जरिए लोगों को ब्लैकमेल कर रुपये ऐंठने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन महिलाओं समेत कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई एक महिला की शिकायत के आधार पर की गई। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार महिलाओं की पहचान शीबा उर्फ सानिया, निशा और मुस्कान के रूप में हुई है। आरोप है कि ये महिलाएं अपनी पहचान छिपाकर और आकर्षण का झांसा देकर लोगों को जाल में फंसाती थीं। इसके बाद सुनियोजित तरीके से उन्हें एकांत स्थान पर बुलाया जाता था, जहां पहले से मौजूद उनके साथी युवकों की मदद से पीड़ितों के आपत्तिजनक वीडियो बना लिए जाते थे। बाद में इन्हीं वीडियो के आधार पर ब्लैकमेल कर मोटी रकम की मांग की जाती थी।
रात जानकारी के अनुसार मामले का खुलासा तब हुआ जब रामगंगा कॉलोनी निवासी सुचिता मेहरा ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उनके पति विकास मेहरा, जो प्रॉपर्टी का कार्य करते हैं, नवंबर 2025 में शीबा नाम की महिला के संपर्क में आए थे। महिला ने खुद को बड़ी प्रॉपर्टी डील कराने में सक्षम बताते हुए विश्वास में लिया। 24 फरवरी को उसने एक मकान की डील के बहाने विकास को जिगर कॉलोनी बुलाया और वहां से मिलक क्षेत्र के एक दो मंजिला मकान में ले गई।
शिकायत के मुताबिक, वहां पहले से मौजूद दो-तीन लोगों ने विकास के साथ मारपीट की, जबरन कपड़े उतरवाए और शीबा के साथ आपत्तिजनक वीडियो बना लिया। इसके बाद वीडियो वायरल करने की धमकी देते हुए तीन लाख रुपये की मांग की गई। दबाव में आकर कुछ रकम भी आरोपियों को दी गई।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुकदमा दर्ज किया और जांच के बाद शीबा उर्फ सानिया, निशा और मुस्कान के साथ उनके सहयोगी अरमान, जावेद और वसीम को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से 20 हजार रुपये नकद और वारदात में प्रयुक्त मोबाइल फोन बरामद किया गया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गिरोह सुनियोजित तरीके से लोगों को फंसाकर ब्लैकमेल करता था। मामले की गहन जांच जारी है और यह भी खंगाला जा रहा है कि कहीं अन्य लोग भी इस गिरोह का शिकार तो नहीं हुए।
NGV PRAKASH NEWS
