NGV PRAKASH NEWS

बहराइच में संपत्ति विवाद बना खूनी खेल: बेटे ने कुल्हाड़ी से माता-पिता, दादी और बहन की हत्या की, बड़ा भाई घायल
बहराइच, 02 मार्च 2026.
उत्तर प्रदेश के जिले के रुपईडीहा थाना क्षेत्र अंतर्गत रामनगर गांव में रविवार देर रात करीब डेढ़ बजे एक दिल दहाड़ ला देने वाले पारिवारिक विवाद ने ऐसा खूनी रूप लिया कि एक ही परिवार के चार लोगों की निर्मम हत्या कर दी गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार संपत्ति को लेकर चल रहे लंबे समय के तनाव के बीच छोटे बेटे ने कुल्हाड़ी उठाकर माता-पिता, दादी और बहन पर ताबड़तोड़ वार कर उन्हें मौत के घाट उतार दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे बड़े भाई पर भी हमला किया गया। संघर्ष के दौरान हमलावर खुद भी गंभीर रूप से घायल हो गया।
ग्रामीणों के मुताबिक रात करीब 1:30 बजे घर के भीतर से चीख-पुकार की आवाजें आईं। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी बाबागंज शिवेश कुमार शुक्ला और डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। घायलों को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चरदा भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने दादी शीतला देवी (82), पिता बदलूराम (62), मां संजू देवी (60) और बहन पार्वती (35) को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल गुरुदेव (33) और निरंकार (27) को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया। निरंकार की नाजुक हालत को देखते हुए उसे लखनऊ ट्रामा सेंटर भेजा गया है।
भोर होते-होते थाना प्रभारी आरएस रावत, क्षेत्राधिकारी पहुप सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण दुर्गा प्रसाद त्रिपाठी और पुलिस अधीक्षक राम नयन सिंह घटनास्थल पर पहुंचे। घर के भीतर खून के धब्बे, टूटी-फूटी वस्तुएं और संघर्ष के स्पष्ट निशान मिले। फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए और घटना में प्रयुक्त कुल्हाड़ी घर के बाहर से बरामद की गई। एहतियातन अतिरिक्त पुलिस बल और पीएसी के जवान तैनात किए गए हैं। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा प्रतीत होता है, लेकिन हर पहलू से जांच की जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अस्पताल में भर्ती गुरुदेव ने पुलिस को बताया कि बीते चार वर्षों से निरंकार संपत्ति के बंटवारे को लेकर पिता पर आरोप लगाता रहता था और आए दिन मारपीट करता था। करीब चार साल पहले पारिवारिक कलह के कारण उसकी पत्नी भी घर छोड़कर चली गई थी। इसके बाद से उसका व्यवहार और उग्र हो गया। गुरुदेव के अनुसार रात करीब एक बजे निरंकार ने फिर संपत्ति को लेकर विवाद शुरू किया। कहासुनी बढ़ी तो उसने घर के कोने में रखी कुल्हाड़ी उठाई और एक-एक कर सभी पर वार कर दिया। चीख सुनकर जब गुरुदेव घर की ओर बढ़े तो बाहर ही उनका सामना निरंकार से हो गया। उन पर भी कुल्हाड़ी से हमला किया गया। संघर्ष के दौरान निरंकार ने कुल्हाड़ी छोड़ दी और पास पड़ी ईंट से अपने सिर पर प्रहार करने लगा, जिससे वह खुद भी घायल हो गया।
ग्रामीणों का कहना है कि परिवार में लंबे समय से तनाव की स्थिति थी और बंटवारे को लेकर अक्सर झगड़े होते थे। हालांकि पुलिस ने किसी भी तरह की अटकलों से बचने की अपील करते हुए कहा है कि जांच पूरी होने के बाद ही वास्तविक कारणों का खुलासा किया जाएगा। फिलहाल गांव में सन्नाटा पसरा है और पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।
NGV PRAKASH NEWS
