Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

सऊदी अरब में फंसा दूल्हा, 11 मार्च को होनी है शादी ; परिवार की बढ़ी चिंता
बस्ती, 06 मार्च 2026.
नगर पंचायत नगर बाजार के फुलवरिया निषाद वार्ड निवासी 23 वर्षीय रवि निषाद की शादी 11 मार्च को तय है, लेकिन वह इस समय सऊदी अरब में फंसे हुए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार चार मार्च को सऊदी अरबिया एयरलाइंस द्वारा उनकी फ्लाइट और टिकट निरस्त कर दिए जाने के बाद परिवार की चिंता बढ़ गई है। दूल्हे के समय पर घर न पहुंच पाने की आशंका से दोनों पक्षों में चिंता का माहौल बन गया है।
रवि के पिता लालबहादुर निषाद ने बताया कि शादी की सभी तैयारियां पहले ही पूरी कर ली गई हैं। बारात, टेंट, कैटरिंग और अन्य व्यवस्थाएं पहले से बुक की जा चुकी हैं। अब शादी में केवल कुछ ही दिन बाकी हैं, लेकिन दूल्हे के घर न पहुंच पाने की स्थिति ने पूरे परिवार को असमंजस में डाल दिया है। दुल्हन पक्ष भी लगातार संपर्क में बना हुआ है और शादी की तिथि को लेकर चिंता जाहिर कर रहा है।
यहां बताते चलें कि फुलवरिया निषाद वार्ड की आबादी करीब सात हजार बताई जाती है, जहां मल्लाह परिवारों की बहुलता है। यहां के अधिकांश परिवारों के एक-दो सदस्य रोजगार के लिए खाड़ी देशों में रहते हैं और फिटर, कारपेंटर या शटरिंग जैसे कार्यों से आजीविका चलाते हैं। रवि निषाद भी बेहतर रोजगार की तलाश में सऊदी अरब गए थे और वहीं काम कर रहे थे।
बताया जा रहा है कि खाड़ी क्षेत्र में युद्ध जैसे हालात बनने के कारण हवाई सेवाएं प्रभावित हुई हैं, जिसके चलते कई उड़ानें रद्द कर दी गई हैं। इसी कारण रवि की फ्लाइट भी अचानक निरस्त हो गई। इस घटना के बाद परिवार ने सरकार से हस्तक्षेप कर रवि समेत अन्य फंसे भारतीयों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित कराने की मांग की है।
शादी की तैयारियों के बीच अब पूरे गांव में उत्साह की जगह चिंता का माहौल है और परिवार को उम्मीद है कि समय रहते रवि की स्वदेश वापसी हो जाएगी, जिससे तय तिथि पर विवाह संपन्न हो सके।
NGV PRAKASH NEWS
