NGV PRAKASH NEWS

देवरिया में ‘ड्रैकुला गैंग’ की चर्चा से दहशत, बच्चों का खून निकालकर बेचने का आरोप; पुलिस ने शुरू की जांच
देवरिया, 15 मार्च 26.
उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में बच्चों का खून निकालकर बेचने के आरोपों से जुड़ा एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। सदर कोतवाली क्षेत्र के उमा नगर मोहल्ले में रहने वाले लोगों ने आरोप लगाया है कि इलाके में एक कथित “ड्रैकुला गैंग” सक्रिय है, जो बच्चों को डराकर उनका खून निकलवाता है और उसे बेच देता है। लगातार ऐसी शिकायतें सामने आने के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और अभिभावक अपने बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंतित नजर आ रहे हैं।
यह भी पढ़े……
मामले को लेकर पीड़ित बच्चों के परिजन पुलिस अधीक्षक संजीव सुमन के कार्यालय पहुंचे और लिखित शिकायत देकर पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। परिजनों का कहना है कि यह गैंग काफी समय से इलाके में सक्रिय है और मासूम बच्चों को निशाना बना रहा है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है।
स्थानीय लोगों के अनुसार गैंग के सदस्य पहले बच्चों से पैसे मांगते हैं। जब बच्चे पैसे देने से मना कर देते हैं या उनके पास पैसे नहीं होते, तो उन्हें डराया-धमकाया जाता है। आरोप है कि इसके बाद बच्चों से कहा जाता है कि यदि पैसे नहीं दे सकते तो अपना खून दे दो, जिससे उन्हें पैसे मिल जाएंगे। लोगों का कहना है कि गैंग के सदस्य बच्चों को असलहे के बल पर डराते हैं और उन्हें अपने साथ ले जाकर उनका खून निकलवाते हैं।
परिजनों के मुताबिक बच्चों ने घर आकर बताया कि उनका खून सदर कोतवाली क्षेत्र के सोनू घाट स्थित एक केंद्र पर निकलवाया गया था। यह जानकारी मिलते ही अभिभावक चिंतित हो उठे और मोहल्ले के लोग एकजुट होकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंच गए। उन्होंने प्रशासन से मामले की जल्द जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शिकायत के आधार पर कई लोगों से पूछताछ की जा रही है और पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है। जांच के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
NGV PRAKASH NEWS
