चोरी की वारदात का खुलासा: अंतर्जनपदीय महिला चोर गिरोह की 4 सदस्य गिरफ्तार, चैन और नगदी बरामद…….

Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

चोरी की वारदात का खुलासा: अंतर्जनपदीय महिला चोर गिरोह की 4 सदस्य गिरफ्तार, चैन और नगदी बरामद

बस्ती, 19 मार्च 2026.

जनपद में पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है, जहां थाना कप्तानगंज, थाना नगर और SOG टीम की संयुक्त कार्रवाई में चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले अंतर्जनपदीय महिला चोर गिरोह की चार सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने इनके कब्जे से एक सोने की चैन (पीली धातु) और 20,150 रुपये नगद बरामद किए हैं।

इस पूरे मामले में खास बात यह रही कि थाना नगर के थानाध्यक्ष भानु प्रताप सिंह की सक्रिय भूमिका और रणनीतिक नेतृत्व के चलते इस गिरोह तक पहुंचना संभव हो सका। उनकी सतर्कता और टीम समन्वय ने इस मामले के खुलासे में अहम योगदान दिया, जिससे पुलिस को इस गिरोह की गतिविधियों पर लगाम लगाने में सफलता मिली।

यह अभी पढ़े…….

पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई थाना कप्तानगंज पर दर्ज मुकदमा संख्या 43/2026 धारा 303(2) BNS के अनावरण के क्रम में की गई। गिरफ्तार अभियुक्ताओं में सरोज, शीला, गुड़िया और मधु शामिल हैं, जो संत कबीर नगर जनपद की रहने वाली हैं। इन सभी को 19 मार्च 2026 को दुर्गा मंदिर कप्तानगंज क्षेत्र से हिरासत में लिया गया।

घटना की शुरुआत 15 फरवरी 2026 को हुई थी, जब वादी की पत्नी भारीनाथ शिव मंदिर में जलाभिषेक करने गई थीं। इसी दौरान अज्ञात व्यक्ति द्वारा उनके गले से सोने की चैन काट ली गई थी। मामले में तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।

जांच के दौरान पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर गिरोह का सुराग लगाया और योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए सभी अभियुक्ताओं को गिरफ्तार कर लिया। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 112 और 317(2) BNS की बढ़ोतरी करते हुए सभी आरोपियों को न्यायालय भेज दिया गया है।

गौरतलब है कि गिरफ्तार अभियुक्ताओं में सरोज और गुड़िया के खिलाफ पूर्व में भी आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिससे यह साफ होता है कि यह गिरोह लंबे समय से सक्रिय था और विभिन्न जनपदों में चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहा था।

इस सफल कार्रवाई में थाना कप्तानगंज के थानाध्यक्ष आलोक कुमार श्रीवास्तव, थाना नगर के थानाध्यक्ष भानु प्रताप सिंह, उपनिरीक्षक वीरेंद्र कुमार सहित SOG टीम और अन्य पुलिसकर्मियों की अहम भूमिका रही।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *