पत्रकारों के स्वास्थ्य पर विशेष फोकस, ‘सेहत से समृद्धि तक’ सेमिनार 6 अप्रैल को…….

NGV PRAKASH NEWS

पत्रकारों के स्वास्थ्य पर विशेष फोकस, ‘सेहत से समृद्धि तक’ सेमिनार 6 अप्रैल को रायपुर में

👉 छत्तीसगढ़ से वरिष्ठ पत्रकार मेघा तिवारी की विशेष रिपोर्ट

रायपुर (छत्तीसगढ़), 1 अप्रैल 2026.

पत्रकारों की व्यस्त और चुनौतीपूर्ण दिनचर्या के बीच उनके शारीरिक व मानसिक स्वास्थ्य को केंद्र में रखते हुए “सेहत से समृद्धि तक” विषय पर एक विशेष सेमिनार का आयोजन किया जा रहा है। इस कार्यक्रम का उद्देश्य पत्रकारों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना और उनके योगदान को सम्मानित करना है।

पत्रकारिता एक ऐसा पेशा है, जिसमें फील्ड में कठिन परिस्थितियों में लगातार काम करना पड़ता है। अनियमित दिनचर्या, भागदौड़ और मानसिक दबाव के बावजूद पत्रकार समाज को जागरूक और सशक्त बनाने में अहम भूमिका निभाते हैं। ऐसे में उनके स्वास्थ्य को लेकर जागरूकता बेहद जरूरी हो जाती है।

मारुति फाउंडेशन और हेरिटेज इंडिया फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस सेमिनार में उन पत्रकारों को सम्मानित किया जाएगा, जो व्यस्तता के बावजूद अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहते हुए अनुशासित जीवनशैली अपनाते हैं। कार्यक्रम के दौरान अनुभवी पत्रकार अपने अनुभव साझा करेंगे और बताएंगे कि कैसे वे अपने कार्य और स्वास्थ्य के बीच संतुलन बनाते हैं।

इसके साथ ही स्वास्थ्य विशेषज्ञ फिटनेस, संतुलित आहार और तनाव प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर उपयोगी सुझाव देंगे, जिससे पत्रकार अपने जीवन में सकारात्मक बदलाव ला सकें। “स्वस्थ पत्रकार – सशक्त समाज” की अवधारणा को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से यह आयोजन एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

यह सेमिनार 6 अप्रैल को शाम 4 बजे रायपुर के आदित्य होटल में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में प्रेस क्लब के अध्यक्ष मोहन तिवारी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *