NGV PRAKASH NEWS

💥सड़क पर महिला से हैवानियत की कोशिश, वीडियो वायरल कर दहशत फैलाने वाले दो आरोपी गिरफ्तार
नालंदा, 01 अप्रैल 2026.
📍 बिहार के नालंदा जिले के अजयपुर गांव से एक बेहद शर्मनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है, जहां तीन युवकों ने 20 वर्षीय विवाहित महिला के साथ सरेआम अभद्रता और हैवानियत की कोशिश की। आरोपियों ने महिला के कपड़े फाड़ने का प्रयास किया और विरोध करने पर उसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, जिससे पूरे इलाके में आक्रोश फैल गया।
📍प्राप्त जानकारी के अनुसार यह घटना 26 मार्च की शाम करीब 6 से 7 बजे के बीच की है। पीड़िता किराना दुकान से सामान लेकर अपने घर लौट रही थी, तभी गांव के ही अशोक यादव, मतलू महतो और रविकांत कुमार ने उसे रास्ते में पकड़ लिया। आरोप है कि तीनों ने महिला को जबरन सड़क पर घसीटा और उसके साथ अभद्रता की। इस दौरान महिला मदद के लिए चिल्लाती रही, लेकिन मौके पर मौजूद लोग तमाशबीन बने रहे। बाद में आरोपी वहां से फरार हो गए, लेकिन घटना का वीडियो बनाकर उसे वायरल कर दिया।
📍पीड़िता की शिकायत पर नूरसराय थाना में 27 मार्च को प्राथमिकी दर्ज की गई। थाना केस संख्या 194/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 74, 75, 76, 115(2), 126(2) और 3(5) के अंतर्गत मामला दर्ज कर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो मुख्य आरोपी अशोक यादव और मतलू महतो उर्फ नवनीत कुमार को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
📍पुलिस के अनुसार फरार तीसरे आरोपी रविकांत कुमार की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया है।
डीएसपी संजय अग्रवाल ने बताया कि पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए पुलिस पूरी तरह प्रतिबद्ध है और शेष आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
NGV PRAKASH NEWS
