NGV PRAKASH NEWS

गोलगप्पे खाने से फूड प्वाइजनिंग, सात वर्षीय बच्चे की मौत, दर्जनों बीमार
गिरिडीह, 27 अप्रैल 2026
सदर प्रखंड के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत बजटो-कुम्हरगड़िया गांव में गोलगप्पे खाने के बाद फूड प्वाइजनिंग का गंभीर मामला सामने आया है। शनिवार शाम हुई इस घटना में बच्चों समेत करीब चार दर्जन लोग बीमार हो गए, जिनमें एक सात वर्षीय बच्चे की मौत हो गई।
बीमार होने के बाद शुरुआत में ग्रामीणों ने स्थानीय झोलाछाप चिकित्सकों से इलाज कराया, लेकिन रविवार तक कई लोगों की हालत बिगड़ने पर उन्हें आनन-फानन में सदर अस्पताल लाया गया। यहां चिकित्सकों ने सात वर्षीय रंजन कुमार वर्मा उर्फ कान्हा को मृत घोषित कर दिया।
अस्पताल में भर्ती अन्य मरीजों में प्रिंस कुमार (9), सुजीत कुमार (16), रिंकी देवी (30), मधु वर्मा (17), बलराम प्रसाद वर्मा (35), कुमार बादल (12), जागृति कुमारी (13), हितेश कुमार (2), साक्षी कुमारी (6), मनीता कुमारी (13), दिवाकर प्रसाद वर्मा (12), संध्या कुमारी (6), रानी कुमारी (8), रिया कुमारी (11), रंजन कुमार (5) और रेखा देवी (27) शामिल हैं। कुछ मरीजों का इलाज निजी क्लीनिकों में भी चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही उपायुक्त रामनिवास यादव, एसडीएम श्रीकांत यशवंत विस्पुते और सिविल सर्जन डॉ. बच्चा सिंह सहित कई प्रशासनिक अधिकारी सदर अस्पताल पहुंचे और उपचार व्यवस्था का जायजा लिया। अधिकारियों ने चिकित्सकों को सभी मरीजों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
ग्रामीणों के अनुसार, शनिवार को पालमो से एक व्यक्ति गांव में गोलगप्पे बेचने आया था। बच्चों के साथ महिलाओं और पुरुषों ने भी गोलगप्पे खाया, जिसके कुछ देर बाद लोगों की तबीयत बिगड़ने लगी।
मरीजों की संख्या अधिक होने के कारण अस्पताल में दबाव बढ़ गया। अतिरिक्त चिकित्सकों को बुलाने का प्रयास किया गया, लेकिन पर्याप्त सहयोग नहीं मिल सका। इस दौरान चिकित्सक अहसान उत तौहिद लगातार मरीजों के उपचार में जुटे रहे।
घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। मृत बच्चे की मां रिंकी देवी खुद अस्पताल में भर्ती हैं और बेटे की मौत से गहरे सदमे में हैं।
NGV PRAKASH NEWS
