Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

फांसी पर लटके युवक मामले में महिला गिरफ्तार, आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप
बस्ती, 29 अप्रैल 2026.
थाना कप्तानगंज क्षेत्र में 23 अप्रैल को आम के पेड़ से फांसी पर लटके युवक के मामले में पुलिस ने आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में एक महिला को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई जनपद में अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक यशवीर सिंह के आदेश, अपर पुलिस अधीक्षक श्यामकांत के निर्देश तथा क्षेत्राधिकारी कलवारी संजय सिंह के पर्यवेक्षण में की गई।
थानाध्यक्ष आलोक कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अभियुक्ता कमला निषाद को 29 अप्रैल को संसारीपुर मोड़ से गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी की सूचना उसके परिजन को दी गई और विधिक प्रक्रिया पूरी करते हुए उसे न्यायालय भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार 25 अप्रैल को सूचना मिली थी कि फरेंदा सेंगर बाग में एक युवक आम के पेड़ से फांसी पर लटका हुआ है। मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। इसके बाद 27 अप्रैल को मृतक के परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया, जिसमें मृतक की बुआ की बहू पर हत्या का आरोप लगाया गया था।
जांच में सामने आया कि मृतक और अभियुक्ता के बीच संबंध थे, जिनकी जानकारी परिजनों और आसपास के लोगों को हो गई थी। पुलिस के अनुसार सामाजिक परिस्थितियों के कारण दोनों के बीच विवाद की स्थिति बनी रही। अब तक की जांच में युवक द्वारा आत्महत्या किए जाने के तथ्य सामने आए हैं, जबकि अभियुक्ता पर उसे दुष्प्रेरित करने और आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप पाया गया है।
पुलिस ने बताया कि मामले की विवेचना जारी है और अन्य पहलुओं की भी गहन जांच की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष आलोक कुमार श्रीवास्तव के साथ हेड कांस्टेबल गणेश सिंह, कांस्टेबल अभिमन्यु शर्मा और महिला कांस्टेबल मनोरमा सरोज शामिल रहीं।
NGV PRAKASH NEWS
