Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

बस्ती में बढ़ रही “टावर संस्कृति”, चार दिन में दूसरा हाईवोल्टेज ड्रामा
बस्ती, 17 मई 2026.
बस्ती जिले में टावर पर चढ़ने की घटनाएं अब चिंता का विषय बनती जा रही हैं। रविवार सुबह रुधौली थाना क्षेत्र के हनुमानगंज चौकी अंतर्गत मूडाडीहा गांव के पास स्थित एक मोबाइल टावर पर एक युवती के चढ़ जाने से इलाके में हड़कंप मच गया। सुबह करीब 8 बजे शुरू हुए इस घटनाक्रम ने देखते ही देखते हाईवोल्टेज ड्रामे का रूप ले लिया और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई।
जानकारी के मुताबिक युवती किस मांग या वजह को लेकर टावर पर चढ़ी, इसका स्पष्ट कारण देर तक सामने नहीं आ सका। पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंचकर युवती को नीचे उतारने की कोशिश में जुटी रही, जबकि आसपास के लोग तमाशबीन बने मोबाइल कैमरों से वीडियो बनाते नजर आए। सोशल मीडिया पर वायरल करने की होड़ के बीच घंटों तक यह पूरा घटनाक्रम इलाके में चर्चा का केंद्र बना रहा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि रुधौली तहसील क्षेत्र में चार दिनों के भीतर यह दूसरी घटना है। इससे पहले वाल्टरगंज क्षेत्र में भी टावर पर चढ़ने का मामला सुर्खियों में आया था। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने पुलिस प्रशासन की सतर्कता और सामाजिक माहौल दोनों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
भोपालपुर गांव के पास हजारों की भीड़ जमा होने से अफरा-तफरी जैसी स्थिति बनी रही। लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं। कोई इसे प्यार में सनक बता रहा था तो कोई पब्लिसिटी स्टंट कहकर चर्चा कर रहा था। वहीं कई स्थानीय लोगों ने इसे समाज के लिए गलत संदेश देने वाला कदम बताया। ग्रामीणों का कहना है कि इस तरह के “टावर ड्रामा” का बच्चों और युवाओं पर नकारात्मक असर पड़ रहा है।
बस्ती जिले में लगातार बढ़ती ऐसी घटनाओं ने अब “टावर संस्कृति” को नई बहस का विषय बना दिया है। सवाल उठ रहा है कि क्या सोशल मीडिया पर वायरल होने की चाहत और भावनात्मक आवेश युवाओं को जान जोखिम में डालने के लिए उकसा रहा है। फिलहाल पुलिस युवती को सुरक्षित नीचे उतारने और पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
NGV PRAKASH NEWS
