NGV PRAKASH NEWS

चलती राजधानी एक्सप्रेस में लगी आग, दो कोचों तक फैली लपटें, यात्रियों में मची अफरा-तफरी
रतलाम/नई दिल्ली, 17 मई 2026.
रविवार तड़के देश की प्रतिष्ठित ट्रेनों में शामिल राजधानी एक्सप्रेस में अचानक आग लगने से यात्रियों में हड़कंप मच गया। जानकारी के मुताबिक ट्रेन संख्या 12431 थिरुवनंतपुरम–हजरत निजामुद्दीन राजधानी एक्सप्रेस में सुबह करीब 5:15 बजे आग लग गई। यह घटना मध्य प्रदेश के रतलाम मंडल क्षेत्र में लूनी रिछा और विक्रमगढ़ आलोट स्टेशन के बीच हुई।
बताया जा रहा है कि सबसे पहले बी-1 एसी कोच से धुआं और आग की लपटें निकलती दिखाई दीं। ट्रेन गार्ड ने तत्काल लोको पायलट को सूचना दी, जिसके बाद इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन को रोका गया। देखते ही देखते आग ने आसपास के हिस्से को भी अपनी चपेट में लेना शुरू कर दिया, जिससे यात्रियों के बीच चीख-पुकार और भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार प्रभावित कोच में करीब 68 यात्री सवार थे। राहत की बात यह रही कि समय रहते यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल, स्थानीय प्रशासन और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं और घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट को आग लगने की संभावित वजह माना जा रहा है, हालांकि रेलवे ने पूरे मामले की विस्तृत जांच के आदेश दे दिए हैं। हादसे के बाद कुछ समय तक इस रूट पर रेल यातायात भी प्रभावित रहा।
चलती ट्रेन में अचानक लगी आग का वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं। घटना ने एक बार फिर भारतीय रेलवे में यात्री सुरक्षा और कोचों की तकनीकी निगरानी को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
NGV PRAKASH NEWS
