Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

अमृत हॉस्पिटल मौत मामले में दो आरोपी गिरफ्तार, बिना डॉक्टर सलाह इंजेक्शन लगाने का आरोप
बस्ती, 17 मई 2026.
मुण्डेरवा क्षेत्र के चर्चित अमृत हॉस्पिटल मौत मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि अस्पताल में भर्ती महिला को बिना डॉक्टर की सलाह के इंजेक्शन लगाए गए, जिसके बाद उसकी हालत बिगड़ गई और बाद में जिला अस्पताल में उसे मृत घोषित कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार थाना मुण्डेरवा में दर्ज मुकदमा संख्या 116/2026 में भारतीय न्याय संहिता की धारा 105 तथा राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग अधिनियम 2019 की धारा 34(2) के तहत कार्रवाई की जा रही है। मामले में वांछित आरोपी कमलेश यादव और गोविन्द कुमार शर्मा को गोदमवा मोड़ मुण्डेरवा से गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपी बिहार के गोपालगंज जिले के निवासी बताए गए हैं।
मामले के अनुसार लोहदर निवासी अनिल कुमार ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया था कि 14 और 15 मई 2026 की रात उनकी पत्नी को शरीर में खुजली की शिकायत होने पर अमृत हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। आरोप है कि ड्यूटी पर मौजूद स्टाफ नर्स ने बिना डॉक्टर की सलाह के लगातार इंजेक्शन लगाए। तीसरा इंजेक्शन लगते ही महिला के मुंह से झाग निकलने लगा और वह बेहोश हो गई।
परिजनों का आरोप है कि हालत बिगड़ने के बाद अस्पताल स्टाफ ने महिला को अस्पताल से बाहर कर दिया। इसके बाद परिजन उसे जिला अस्पताल बस्ती लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद इलाके में काफी आक्रोश देखने को मिला था।
पुलिस ने बताया कि मामले में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया गया है, जबकि अन्य वांछित आरोपियों की तलाश जारी है। कार्रवाई थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह के नेतृत्व में मुण्डेरवा पुलिस टीम ने की।
NGV PRAKASH NEWS
