60 वर्षीय रिक्शा चालक ने 25 वर्षीय युवती से रचाई शादी…….

NGV PRAKASH NEWS

60 वर्षीय रिक्शा चालक ने 25 वर्षीय युवती से रचाई शादी, कटिहार के मनिहारी में अनोखी शादी बनी चर्चा का विषय

कटिहार, बिहार, 19 मई 2026.

बिहार के कटिहार जिले के मनिहारी इलाके में एक अनोखी शादी इन दिनों पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है। यहां 60 वर्षीय रिक्शा चालक ने 25 वर्षीय युवती के साथ मंदिर में शादी रचा ली। उम्र में करीब 35 साल का बड़ा अंतर होने के बावजूद दोनों ने समाज और परिवार की परवाह किए बिना एक-दूसरे का हाथ थाम लिया। शादी की खबर सामने आते ही इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई और मामला सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल होने लगा।

जानकारी के मुताबिक मनिहारी क्षेत्र के बाघमारा गांव निवासी 60 वर्षीय सुग्रीम पासवान रिक्शा चलाकर अपना जीवनयापन करते हैं। बताया जा रहा है कि पिछले करीब दो वर्षों से उनका गांव की ही 25 वर्षीय फुल्की देवी के साथ प्रेम संबंध चल रहा था। दोनों एक-दूसरे से शादी करना चाहते थे, लेकिन उम्र के बड़े अंतर को लेकर परिवार और ग्रामीणों में लगातार चर्चा होती रही।

बताया जा रहा है कि मामला उस समय खुलकर सामने आया जब सुग्रीम पासवान अपनी प्रेमिका से मिलने उसके घर पहुंचे। गांव वालों को इसकी भनक लगते ही मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और काफी देर तक हंगामा चलता रहा। ग्रामीणों और परिवार के लोगों ने दोनों को समझाने की कोशिश की, लेकिन प्रेमी जोड़ा अपने फैसले पर अडिग रहा। दोनों ने साफ कहा कि वे अपनी मर्जी से साथ रहना चाहते हैं।

आखिरकार गांव के लोगों की मौजूदगी में स्थानीय मंदिर में दोनों की शादी करा दी गई। मंदिर में पारंपरिक रीति-रिवाज के साथ सुग्रीम पासवान ने फुल्की देवी की मांग में सिंदूर भरकर उन्हें अपनी पत्नी स्वीकार किया। शादी के बाद दोनों ने खुलकर कहा कि यह रिश्ता किसी दबाव में नहीं बल्कि आपसी प्रेम से हुआ है।

इस अनोखी शादी को लेकर इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। कुछ लोग इसे प्रेम की मिसाल बता रहे हैं, तो कुछ उम्र के बड़े अंतर को लेकर सवाल उठा रहे हैं। हालांकि दोनों ने समाज की परवाह किए बिना साथ जीवन बिताने का फैसला किया है। मनिहारी और आसपास के इलाकों में यह शादी अब चर्चा का बड़ा विषय बन चुकी है।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *