NGV PRAKASH NEWS

प्रेम प्रसंग में युवक पर जानलेवा हमला, हर्रैया पुलिस और एसओजी टीम ने 6 आरोपियों को किया गिरफ्तार
बस्ती, 22 मई 2026.
हर्रैया थाना क्षेत्र में युवक पर हुए सनसनीखेज जानलेवा हमले का पुलिस ने खुलासा करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। हर्रैया पुलिस और एसओजी टीम की संयुक्त कार्रवाई में घटना में इस्तेमाल लोहे की रॉड और लकड़ी का डंडा भी बरामद किया गया है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार 24 और 25 अप्रैल की रात नीरज नामक युवक पर सुनियोजित तरीके से हमला किया गया था। आरोप है कि प्रेम प्रसंग को लेकर रंजिश के चलते मुख्य आरोपी विपुल ने अपने साथियों के साथ मिलकर युवक को रास्ते से हटाने की साजिश रची। इसी योजना के तहत आरोपियों ने नीरज को घेर लिया और उस पर लोहे की रॉड व डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
हमले में युवक अधमरी हालत में सड़क किनारे पड़ा मिला। स्थानीय लोगों की सूचना पर उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हर्रैया पहुंचाया गया, जहां हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर किया गया। स्थिति में सुधार न होने पर चिकित्सकों ने उसे बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर भेज दिया था। वहां कई दिनों तक युवक जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष करता रहा।
घटना के बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर हर्रैया पुलिस व एसओजी टीम ने संयुक्त अभियान चलाकर सभी छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में प्रेम संबंध को लेकर विवाद की बात सामने आई है।
पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की विधिक प्रक्रिया पूरी की जा रही है और अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
NGV PRAKASH NEWS