NGV PRAKASH NEWS

बिजली कटौती ने उजाड़ दिया पूरा परिवार, सड़क किनारे सो रहे पिता और तीन मासूम बच्चों को डंपर ने कुचला
बाराबंकी, 24 मई 2026 — भीषण गर्मी और घंटों बिजली कटौती ने एक परिवार की जिंदगी हमेशा के लिए छीन ली। बाराबंकी के फतेहपुर क्षेत्र में बिजली न आने से घर के बाहर सो रहे परिवार पर तेज रफ्तार डंपर काल बनकर टूट पड़ा। हादसे में पिता समेत तीन मासूम बच्चों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि मां जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रही है।
बताया जा रहा है कि झांसा गांव निवासी नीरज चौहान किराये पर वाहन चलाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। शुक्रवार रात इलाके में लंबे समय तक बिजली गुल रही। गर्मी और उमस से परेशान होकर नीरज अपनी पत्नी आरती और तीन बच्चों के साथ घर से कुछ दूरी पर सड़क किनारे मच्छरदानी लगाकर सो गए।
रात करीब तीन बजे भागौली की तरफ से आ रहा तेज रफ्तार डंपर अचानक अनियंत्रित हो गया और सड़क से उतरकर सीधे सो रहे परिवार पर चढ़ गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि पास का पेड़ भी टूट गया और चारों तरफ चीख-पुकार मच गई।
हादसे के बाद मौके पर पहुंचे लोगों ने परिवार को तुरंत अस्पताल पहुंचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक नीरज की मौत हो चुकी थी। गंभीर रूप से घायल बच्चों अनुराग, अंशिका और आयुष ने भी रास्ते में दम तोड़ दिया। मां आरती की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है और उन्हें लखनऊ रेफर किया गया है।
एक ही परिवार के चार लोगों की मौत से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। गांव के लोग बिजली कटौती और लापरवाह यातायात व्यवस्था को इस हादसे की बड़ी वजह बता रहे हैं। हादसे के बाद हर आंख नम है और लोगों के बीच यही सवाल गूंज रहा है कि आखिर बिजली होती तो क्या यह परिवार आज जिंदा होता?
पुलिस ने डंपर चालक को वाहन समेत गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
NGV PRAKASH NEWS