गंगा दशहरा के दिन यूपी में गंगा में नहाते समय हुआ बड़ा हादसा,12 लोग …….

NGV PRAKASH NEWS

गंगा दशहरा पर बदायूं में बड़ा हादसा, गंगा स्नान के दौरान 5 श्रद्धालुओं की मौत, एक बच्ची लापता

बदायूं, 26 मई 2026.

उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में गंगा दशहरा के अवसर पर गंगा स्नान के दौरान सोमवार को बड़ा हादसा हो गया। कछला और अटैना गंगा घाट पर हुए अलग-अलग हादसों में 12 श्रद्धालु गहरे पानी में डूब गए, जिनमें पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि एक किशोरी देर शाम तक लापता रही। छह लोगों को समय रहते सुरक्षित बचा लिया गया। घटना के बाद प्रशासन में हड़कंप मच गया और मौके पर बड़े स्तर पर रेस्क्यू अभियान चलाया गया।

पहली घटना कछला गंगा घाट पर हुई, जहां मुख्य स्नान घाट से करीब एक किलोमीटर दूर स्नान के दौरान कई श्रद्धालु गहरे पानी में चले गए। हाथरस जिले के सादाबाद थाना क्षेत्र के गांव कानू निवासी ओमवीर अपने रिश्तेदार नेत्रपाल निवासी गांव पिछौता के साथ गंगा स्नान करने पहुंचे थे। स्नान करते समय ओमवीर का 16 वर्षीय बेटा निलेश और नेत्रपाल की 17 वर्षीय बेटी शिखा गहरे पानी में डूबने लगे। दोनों को बचाने के प्रयास में ओमवीर, उनका बड़ा बेटा सर्वेश और रिश्तेदार श्यामवीर की पत्नी वर्षा भी पानी में फंस गए।

मौके पर मौजूद गोताखोरों ने तत्काल रेस्क्यू शुरू किया और ओमवीर, सर्वेश तथा वर्षा को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन निलेश और शिखा लापता हो गए। कई घंटे चले सर्च ऑपरेशन के बाद निलेश का शव बरामद कर लिया गया, जबकि देर शाम तक शिखा का कोई पता नहीं चल सका।

इसी दौरान कछला घाट पर ही हाथरस जिले के मुढ़सान निवासी 20 वर्षीय रोहित पुत्र ननकेश और बदायूं के सिरसा दबरई गांव निवासी राजकुमार पुत्र भगवान दास की भी गंगा में डूबने से मौत हो गई। पुलिस ने दोनों शवों को बाहर निकाल लिया। परिजनों ने शवों का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया।

हादसे के दौरान एटा जिले के जलेसर निवासी करन, फिरोजाबाद निवासी अभिषेक, राजकुमार, हाथरस निवासी ऋतिक और कासगंज निवासी बंटू को समय रहते सुरक्षित बचा लिया गया।

दूसरी घटना उसहैत थाना क्षेत्र के अटैना घाट पर हुई। यहां मैनपुरी जिले के भोगांव थाना क्षेत्र के गांव हुसैनपुर निवासी 19 वर्षीय पिंटू गंगा स्नान के दौरान डूब गए। वहीं फर्रुखाबाद जिले के कंपिल थाना क्षेत्र के गांव नुनैरा निवासी 18 वर्षीय अनुपम भी अपने मामा के साथ स्नान करते समय गहरे पानी में समा गए। पुलिस ने दोनों युवकों के शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए।

एक ही दिन में पांच श्रद्धालुओं की मौत के बाद प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्थाओं पर सवाल उठने लगे हैं। घटना की सूचना मिलते ही डीएम अवनीश राय और एसएसपी अंकिता शर्मा कछला गंगा घाट पहुंचे और रेस्क्यू अभियान के साथ सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया। प्रशासन द्वारा घाटों पर अतिरिक्त पुलिस बल और गोताखोरों की तैनाती बढ़ा दी गई है।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *