
NGV PRAKASH NEWS
रिश्ते में रुकावट बना मासूम, मां से संबंधों के जुनून में 18 माह के बच्चे की बेरहमी से हत्या
फिरोजाबाद, 31 मई 2026.
उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले से मानवता को झकझोर देने वाली एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां एक युवक ने कथित तौर पर 18 माह के मासूम बच्चे को जमीन पर पटक-पटक कर मौत के घाट उतार दिया। पुलिस के अनुसार आरोपी बच्चे की मां से शादी करना चाहता था और उसे लगता था कि मासूम उसके रास्ते की सबसे बड़ी रुकावट है।
घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें आरोपी बच्चे को एक सुनसान गली की ओर ले जाता दिखाई दे रहा है। फुटेज में देखा जा सकता है कि वह मासूम को कई बार जोर से जमीन पर पटकता है। हमले के बाद बच्चा गंभीर रूप से घायल होकर वहीं बेसुध हो गया।
मृतक बच्चे की पहचान 18 माह के आरव उर्फ कल्लू के रूप में हुई है, जो रति और सुमित का पुत्र था। जानकारी के मुताबिक रति अपने मायके से अपनी मौसी के घर आई हुई थी। इसी दौरान आरोपी विराज को उसके वहां होने की जानकारी मिली। आरोप है कि विराज घर पहुंचा और टॉफी दिलाने के बहाने मासूम आरव को अपने साथ ले गया। इसके बाद उसने सुनसान स्थान पर बच्चे पर बेरहमी से हमला कर दिया।
परिजनों को घटना की जानकारी मिलने पर बच्चे को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे सीसीटीवी वीडियो को देखकर लोग आरोपी के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी विराज लंबे समय से बच्चे की मां के प्रति आकर्षित था और उससे विवाह करना चाहता था। पुलिस का कहना है कि इसी विकृत सोच के चलते उसने इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी विराज को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है तथा पुलिस सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है।
NGV PRAKASH NEWS