कलवारी क्षेत्र में दो सड़क हादसे,दो गंभीर; हेलमेट ने बचाई एक की जान-प्रेम त्रिपाठी के सहायता से पहुंचे अस्पताल…….

Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

कलवारी क्षेत्र में दो सड़क हादसे, दो युवक गंभीर घायल; हेलमेट ने बचाई एक की जान

बस्ती, 08 जून 2026

कलवारी थाना क्षेत्र में सोमवार को अलग-अलग स्थानों पर हुए दो सड़क हादसों में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घटनाओं के बाद स्थानीय लोगों और समाजसेवी डॉ. प्रेम त्रिपाठी की तत्परता से घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।

पहली घटना कुसौरी गांव के पास हुई, जहां दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बेलसुही गांव निवासी राम अवतार (35) गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर गिर पड़े। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर डॉ. प्रेम त्रिपाठी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घायल को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कलवारी पहुंचाया, जहां उसका उपचार किया गया। चिकित्सकों के अनुसार राम अवतार को शरीर के कई हिस्सों में चोटें आई हैं।

वहीं दूसरी घटना लुंबिनी-दुद्धी मार्ग स्थित एकता मैरिज हॉल के पास हुई, जहां कार और मोटरसाइकिल की आमने-सामने टक्कर में भूवर सराय निवासी लवकुश (29) गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना में उनकी बाईं जांघ (फीमर) की हड्डी टूट गई तथा मोटरसाइकिल बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हालांकि लवकुश द्वारा हेलमेट पहनने के कारण उनके सिर में गंभीर चोट नहीं आई और उनकी जान बच गई।

घटना की जानकारी मिलते ही डॉ. प्रेम त्रिपाठी मौके पर पहुंचे और एंबुलेंस 108 की सहायता से घायल को सीएचसी कलवारी पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

दोनों घटनाओं के बाद स्थानीय लोगों ने सड़क सुरक्षा नियमों के पालन, हेलमेट के अनिवार्य प्रयोग तथा तेज गति से वाहन न चलाने की अपील की है। क्षेत्रवासियों ने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए कहा कि समय पर मिली सहायता और प्राथमिक उपचार सड़क दुर्घटनाओं में जीवन बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *