एसपी कार्यालय परिसर के वायरलेस टावर पर चढ़ी महिला, पुलिस नें तत्परता दिखाते हुए सुरक्षित उतारा…….

NGV PRAKASH NEWS

पति की गिरफ्तारी की मांग को लेकर एसपी कार्यालय परिसर के वायरलेस टावर पर चढ़ी महिला, पुलिस की तत्परता से सुरक्षित उतारी गई

बस्ती, 10 जून 2026.

जनपद बस्ती स्थित पुलिस अधीक्षक कार्यालय परिसर में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया जब एक महिला अचानक परिसर में बने वायरलेस टावर पर चढ़ गई। महिला को ऊंचे टावर पर चढ़ा देख वहां मौजूद पुलिसकर्मियों के हाथ पांव फूल गए और आम लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार टावर पर चढ़ी महिला की पहचान लालगंज थाना क्षेत्र निवासी मधू के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के आपसी विवाद को लेकर पहले से मुकदमा दर्ज है। महिला अपने पति की गिरफ्तारी न होने से नाराज थी और इसी को लेकर उसने विरोध स्वरूप यह कदम उठा लिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने तत्काल स्थिति को संभालने का प्रयास शुरू किया। महिला को समझाने-बुझाने की कोशिश की गई, लेकिन जब वह नीचे उतरने को तैयार नहीं हुई तो मौके पर मौजूद दो पुलिसकर्मियों ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए स्वयं टावर पर चढ़कर महिला तक पहुंच बनाई। काफी समझाने और सावधानी बरतते हुए पुलिसकर्मियों ने महिला को सुरक्षित नीचे उतार लिया।

महिला के सकुशल नीचे आने के बाद पुलिस प्रशासन ने राहत की सांस ली। इसके बाद अधिकारियों ने महिला की बात सुनी और उसे समझा-बुझाकर परिजनों के हवाले कर दिया। घटना के दौरान किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति नहीं उत्पन्न हुई।

इस दौरान मौजूद लोगों ने भी महिला की जान बचाने के लिए जोखिम उठाने वाले पुलिसकर्मियों की तत्परता और साहस की सराहना की। घटना कुछ समय तक एसपी कार्यालय परिसर में चर्चा का विषय बनी रही।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *