NGV PRAKASH NEWS

बंद कमरे में छात्राओं से आपत्तिजनक बातें करने के आरोप, डीएम से लगाई न्याय की गुहार
ललितपुर, 14 जून 2026.
उत्तर प्रदेश के ललितपुर स्थित एक राजकीय महाविद्यालय में कार्यरत एक शिक्षक पर छात्राओं ने गंभीर आरोप लगाए हैं। महाविद्यालय की कई छात्राएं शुक्रवार को जिलाधिकारी सत्य प्रकाश से मिलीं और एक शिकायती पत्र सौंपकर शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। छात्राओं का आरोप है कि संबंधित शिक्षक द्वारा उन्हें आंतरिक परीक्षा, प्रायोगिक परीक्षा और रिसर्च प्रोजेक्ट में जानबूझकर कम अंक दिए जाते हैं तथा मानसिक दबाव बनाया जाता है।
शिकायत में छात्राओं ने बताया कि शिक्षक अक्सर उन्हें अलग से बुलाकर बंद कमरे में बातचीत करते हैं। एक छात्रा के अनुसार शिक्षक ने उससे कहा, “तुम मेरा काम कर दो, मैं तुम्हारा काम कर दूंगा।” छात्राओं का आरोप है कि कई बार कमरे का दरवाजा बंद कर उन्हें बैठाया जाता है, जिससे वे असहज और भयभीत महसूस करती हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि छात्राओं को छात्रों की तुलना में कम अंक दिए जाते हैं और कुछ छात्राओं से घर छोड़ने के बहाने साथ चलने के लिए कहा जाता है।
पीड़ित छात्राओं का कहना है कि यदि वे शिक्षक की बातों का विरोध करती हैं तो उनके साथ अपमानजनक भाषा में बातचीत की जाती है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में पहले भी महाविद्यालय के प्राचार्य को लिखित शिकायत दी गई थी, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। छात्राओं का आरोप है कि शिकायत पत्र की जानकारी संबंधित शिक्षक तक पहुंच गई, जिसके बाद उन्होंने एक व्हाट्सएप ग्रुप में शिकायतकर्ता का नाम जानने का प्रयास किया और दबाव बनाने की कोशिश की।
छात्राओं ने जिलाधिकारी से मामले की गोपनीय जांच कराए जाने और दोषी पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की मांग की। उन्होंने आशंका जताई कि खुलकर सामने आने पर उन्हें प्रताड़ना का सामना करना पड़ सकता है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी सत्य प्रकाश ने छात्राओं को आश्वस्त किया कि उनकी पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी और किसी भी प्रकार के दबाव या प्रताड़ना को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मामले की निष्पक्ष और गोपनीय जांच कराई जाएगी तथा जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि छात्राओं की सुरक्षा और सम्मान से जुड़े मामलों में प्रशासन की जीरो टॉलरेंस नीति है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
NGV PRAKASH NEWS