
साली को अगवा करने वाला जीजा अभी भी फरार, पुलिस की तलाश जारी
सागर. मध्य प्रदेश के सागर जिले में रिश्तों को शर्मसार करने वाला एक मामला सामने आया है, जहां एक जीजा ने अपनी ही साली को अगवा कर लिया। आरोपी पहले से शादीशुदा था और उसके दो बच्चे भी थे, लेकिन वह अपनी साली से शादी करना चाहता था। जब युवती ने उसे साफ इनकार कर दिया, तो गुस्से में आकर उसने अपने दोस्तों के साथ मिलकर उसे जबरदस्ती उठा लिया।
घटना केसली थाना क्षेत्र की है। गुरुवार सुबह युवती अपनी मां के साथ घर से निकली थी। तभी आरोपी जीजा अपने चार दोस्तों के साथ बोलेरो गाड़ी में आया और जबरदस्ती लड़की को गाड़ी में बैठाकर फरार हो गया। मां ने विरोध किया, लेकिन आरोपियों के सामने वह अकेली पड़ गई। इसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत मिलते ही पुलिस ने कार्रवाई शुरू की और कुछ ही घंटों में युवती को बरामद कर लिया। इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, लेकिन मुख्य आरोपी जीजा और उसका एक साथी अभी भी फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश में दबिश दे रही है।
बताया जा रहा है कि आरोपी जीजा लंबे समय से अपनी साली पर बुरी नजर रखे हुए था। उसने शादी का प्रस्ताव भी रखा था, जिसे युवती ने ठुकरा दिया। इसी से नाराज होकर उसने यह खौफनाक कदम उठाया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और जल्द ही फरार आरोपियों की गिरफ्तारी की उम्मीद जताई जा रही है।
NGV PRAKASH NEWS

