Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

पाल्हा गांव में विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, पुलिस जांच में जुटी
बस्ती, 14 जून 2026.
नगर थाना क्षेत्र के पाल्हा गांव में रविवार को एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की जांच की जा रही है।
जानकारी के अनुसार पाल्हा गांव निवासी रामा निषाद ने पुलिस को सूचना दी कि उसकी पत्नी शिखा निषाद (21) का शव घर के कमरे में फंदे से लटका मिला। घटना रविवार दोपहर करीब 12 बजे की बताई जा रही है। सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और आसपास के लोग भी मौके पर जुट गए।
परिजनों के अनुसार शिखा की शादी करीब तीन वर्ष पूर्व हिंदू रीति-रिवाज के साथ हुई थी। पति ने पुलिस को बताया कि दंपति के बीच समय-समय पर घरेलू विवाद भी होते रहते थे। हालांकि विवाहिता द्वारा यह कदम उठाए जाने के पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।
घटना की जानकारी मिलते ही करहली चौकी प्रभारी सर्वेश चौधरी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आवश्यक जांच-पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अधिकारियों का कहना है कि मौत के कारणों का स्पष्ट पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।
पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
NGV PRAKASH NEWS