Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

कम्युनिटी पुलिसिंग को मजबूत बनाने के लिए डीआईजी ने लगाया जनचौपाल, लोगों से किया सीधा संवाद
बस्ती, 15 जून 2026.
बस्ती परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक संजीव त्यागी ने सोमवार को थाना कोतवाली क्षेत्र स्थित सिमरन लॉज में कम्युनिटी पुलिसिंग के तहत जनचौपाल आयोजित कर आमजन से सीधा संवाद स्थापित किया। कार्यक्रम का उद्देश्य पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना, सामाजिक सहभागिता को बढ़ावा देना तथा क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाना रहा।
जनचौपाल के दौरान डीआईजी ने उपस्थित नागरिकों, महिलाओं, व्यापारियों और स्थानीय लोगों की समस्याओं, सुझावों तथा अपेक्षाओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने लोगों से खुलकर अपनी बात रखने की अपील करते हुए भरोसा दिलाया कि पुलिस जनता की सुरक्षा और समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम में साइबर अपराध, महिला सुरक्षा, नशा उन्मूलन, सोशल मीडिया के दुरुपयोग तथा सामुदायिक सहयोग जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। लोगों को जागरूक करते हुए बताया गया कि साइबर ठगी और ऑनलाइन अपराधों से बचाव के लिए सतर्कता बेहद आवश्यक है। साथ ही महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा से जुड़े कानूनों एवं सरकारी अभियानों की जानकारी भी साझा की गई।
डीआईजी ने मौजूद लोगों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि, अपराध या सामाजिक समस्या की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता के सहयोग से ही अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण संभव है।
इस अवसर पर संबंधित सीपीयू प्रभारी को निर्देशित किया गया कि वे क्षेत्र में नियमित भ्रमण कर आमजन, वृद्धजनों और दिव्यांग व्यक्तियों से संवाद स्थापित करें तथा उनकी समस्याओं का त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें। इसके अलावा महिला सुरक्षा एवं बाल संरक्षण से संबंधित योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने, मिशन शक्ति अभियान एवं बहू-बेटी सम्मेलन जैसे कार्यक्रमों में सक्रिय सहयोग देने तथा संवेदनशील मामलों की सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों को उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।
कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी सदर सत्येन्द्र भूषण तिवारी, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
NGV PRAKASH NEWS