प्रदर्शन के दौरान अभिजीत दीपके को दो युवकों ने जड़ा थप्पड़…….

NGV PRAKASH NEWS

नीट पेपर लीक के विरोध प्रदर्शन में अभिजीत दीपके पर हमला, मंच तक पहुंचने के दौरान युवकों ने जड़े थप्पड़

जयपुर, 15 जून 2026.

👉 अभिजीत दीपके क्या दोहरा रहे हैं केजरीवाल का थप्पड़ कांड

राजस्थान की राजधानी जयपुर में नीट पेपर लीक, बेरोजगारी और शिक्षा व्यवस्था के मुद्दों को लेकर आयोजित प्रदर्शन के दौरान उस समय हंगामा खड़ा हो गया जब कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके पर दो युवकों ने कथित तौर पर हमला कर दिया। प्रदर्शन के बीच भीड़ में मौजूद दो युवक अचानक आगे आए और अभिजीत दीपके को थप्पड़ मारने लगे, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार, अभिजीत दीपके सोमवार को जयपुर के शहीद स्मारक पर आयोजित विरोध प्रदर्शन में शामिल होने पहुंचे थे। प्रदर्शनकारी नीट पेपर लीक मामले, बढ़ती बेरोजगारी, शिक्षा व्यवस्था में सुधार तथा केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे। इसी दौरान अभिजीत दीपके को उनके समर्थक कंधों पर बैठाकर भीड़ के बीच से मंच की ओर ले जा रहे थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तभी भीड़ में मौजूद दो युवक अचानक आगे बढ़े और अभिजीत को थप्पड़ मारने शुरू कर दिए। घटना के बाद मौके पर मौजूद समर्थकों ने दोनों युवकों को पकड़ने की कोशिश की। इस दौरान एक युवक वहां से भागने में सफल रहा, जबकि दूसरे युवक को प्रदर्शनकारियों ने पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी।

घटना के बाद कुछ देर के लिए प्रदर्शन स्थल पर तनावपूर्ण स्थिति बन गई। हालांकि हंगामे के बावजूद अभिजीत दीपके ने मंच पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों को संबोधित किया और आंदोलन जारी रखने की बात कही।

प्रदर्शन के दौरान नारेबाजी को लेकर भी विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई, जिसके बाद पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा। पुलिस ने मौके से एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। वहीं धरना स्थल पर कई लोगों के मोबाइल फोन और अन्य सामान चोरी होने की शिकायतें भी सामने आईं। इसके बाद मंच से बार-बार लोगों से अपने मोबाइल और कीमती सामान की सुरक्षा करने की अपील की गई।

प्रदर्शन में बड़ी संख्या में युवा शामिल हुए। उनके हाथों में “मुझे देश से प्यार है, भ्रष्टाचार अस्वीकार है” और “पेपर लीक बंद करो” जैसे नारों वाले पोस्टर दिखाई दिए। कई प्रदर्शनकारी तिरंगा लेकर भी पहुंचे और शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता तथा युवाओं के भविष्य की सुरक्षा की मांग उठाई।

फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और हमला करने वाले अन्य युवक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *