इंडिगो विमान में सवार थे 147 लोग तभी विमान पर गिरी आकाशीय बिजली…….

NGV PRAKASH NEWS

कोलकाता एयरपोर्ट पर खड़े इंडिगो विमान पर गिरी बिजली, 147 लोग थे सवार

कोलकाता , 19 जून 2026।

पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में शुक्रवार को खराब मौसम के बीच एक बड़ा हादसा टल गया। आंधी-तूफान और तेज बारिश के दौरान कोलकाता हवाई अड्डे पर खड़े एक विमान पर बिजली गिर गई। राहत की बात यह रही कि इस घटना में विमान में सवार किसी भी यात्री या क्रू सदस्य को कोई नुकसान नहीं पहुंचा।

मिली जानकारी के अनुसार, इंडिगो की फ्लाइट 6E6068 एयरोब्रिज 56L पर खड़ी थी, तभी उस पर बिजली गिर गई। मौसम विभाग की चेतावनी के बाद एयरपोर्ट ऑपरेशन्स कंट्रोल सेंटर (AOCC) ने पहले से ही अलर्ट जारी कर रखा था, क्योंकि क्षेत्र में तेज आंधी, गरज-चमक और भारी बारिश का दौर जारी था।

विमान में कुल 147 लोग सवार थे, जिनमें 141 यात्री और 6 क्रू सदस्य शामिल थे। घटना के तुरंत बाद सुरक्षा के मद्देनजर सभी यात्रियों और क्रू को सुरक्षित बाहर निकाला गया। बाद में यात्रियों को दूसरे विमान में स्थानांतरित कर उनके गंतव्य अगरतला के लिए रवाना किया गया।

इंडिगो एयरलाइंस की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, बिजली गिरने की घटना में रनवे पर कार्य कर रहे दो कर्मचारियों को मामूली चोटें आईं। दोनों को प्राथमिक उपचार और चिकित्सकीय जांच के लिए अस्पताल भेजा गया। उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

उधर, शुक्रवार सुबह से कोलकाता और आसपास के कई जिलों में तेज आंधी-तूफान और बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित रहा। कई इलाकों में जलभराव की स्थिति पैदा हो गई, जिससे यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हुई। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *